किशनगंज : राशन लाभुकों की आधार सीडिंग में तेजी लाने का निर्देश, 84.29 प्रतिशत हुआ eKYC

किशनगंज, 17 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला आपूर्ति टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक सोमवार को जिलाधिकारी नवीन कुमार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में जन वितरण प्रणाली के तहत खाद्यान्न वितरण, लाभुकों की आधार सीडिंग एवं eKYC सहित आपूर्ति से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 84.29 प्रतिशत राशन लाभुकों की आधार सीडिंग हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष लाभुकों की आधार सीडिंग और eKYC की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी कराने का निर्देश सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को दिया।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि निर्धारित समय सीमा के भीतर राशन कार्ड में दर्ज किसी सदस्य की आधार सीडिंग या eKYC नहीं होने पर संबंधित सदस्य का नाम राशन कार्ड से हटाने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसे सदस्यों को खाद्यान्न का लाभ भी नहीं मिल सकेगा। अधिकारियों को लाभुकों को इस संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
अगस्त 2026 में जिले में खाद्यान्न वितरण की प्रगति 59.31 प्रतिशत बताई गई। डीएम ने सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को वितरण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि किशनगंज खाद्यान्न वितरण के मामले में बेहतर प्रदर्शन कर सके।
वहीं सितंबर 2026 के खाद्यान्न की राज्य खाद्य निगम के गोदाम से जन वितरण प्रणाली के गोदाम तक आपूर्ति की प्रगति महज 9.76 प्रतिशत पाई गई। जिला प्रबंधक, राज्य खाद्य निगम को शत-प्रतिशत खाद्यान्न उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
इसके अलावा राशन से संबंधित ऑफलाइन प्राप्त सभी आवेदनों की जल्द ऑनलाइन प्रविष्टि कराने को कहा गया। अनुमंडल पदाधिकारी, किशनगंज को जन वितरण प्रणाली दुकानों की नई अनुज्ञप्ति से संबंधित सभी प्रक्रियाएं एक सप्ताह के भीतर पूरी करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में जिला आपूर्ति पदाधिकारी, जिला प्रबंधक राज्य खाद्य निगम, सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और सहायक गोदाम प्रबंधक मौजूद रहे।



