बगहा की घटना निंदनीय,दोषी पर सख्त कार्रवाई करे सरकार:भाकपा।.
त्रिलोकी नाथ प्रसाद:-पटना।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के राज्य सचिव रामनरेश पाण्डेय ने पश्चिम चंपारण ज़िले के बगहा नगर थाना क्षेत्र के रत्नमाला में हुए संप्रदायिक तनाव की तीखे शब्दों में निंदा की है। उन्होंने इस घटना के लिए एक भारतीय जनता पार्टी को जिम्मेवार ठहराया है। भाजपा चुनावी फायदा के लिए पूरे बिहार को संप्रदायिकता की आग में झोंक रही है। बिहार की जनता भाजपा की मंसूबे को कामयाब नहीं होने देगी।नागपंचमी के दिन विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के द्वारा प्रतिबंध क्षेत्र में रैली निकाली गई।जिससे तनाव उत्पन्न हुआ है। यह घटना प्रशासन की विफलता को भी दर्शाता है। राज्य सरकार मामले की उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषी व्यक्तियों पर सख्त कार्रवाई करे।
भाकपा राज्य सचिव ने बयान जारी कर कहा कि हमारी पार्टी के राज्य कार्यकारिणी सदस्य व पश्चिम चंपारण के जिला सचिव ओमप्रकाश क्रांति ने घटना का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि भाजपा नेताओं के इशारे पर जानबूझकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के लोगों ने प्रतिबंध क्षेत्र में रैली निकाली और अल्पसंख्यक लोगों के घरों पर पथराव किया, जिस कारण तनाव बढ़ा। इस घटना में स्थानीय प्रशासन का भी हाथ है। बिना अनुमति की रैली निकाली गई और प्रशासन के द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। जिस कारण तनाव बढ़ा। साथ मुहर्रम के दौरान प्रशासन के द्वारा एकतरफा कार्रवाई करने के कारण असमाजिक तत्वों का मनोबल बढ़ गया है और इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। मुहर्रम के दिन दोनों समुदायों के उपद्रवियों पर कार्रवाई की गई होती और नागपंचमी को प्रशासन मुश्तैद रहता तो इस तरह की घटना नहीं घटती।
भाकपा राज्य सचिव ने कहा कि अगले साल होने वाले लोकसभा चुनवा में अपनी हार को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी पूरे बिहार को अशांत करने में लगी हुई हैं।मुहर्रम के दिन भी राज्य में दर्जनों स्थान पर तनाव पैदा किये गए। अब नागपंचमी के दिन इस तरह की घटना को अंजाम दिया गया। इसलिए राज्य की जनता को सतर्क रहने की जरूरत है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार मामले को अपने स्तर से देखे और जांच कराकर ढिलाई देने वाले दोषी पदाधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करें।भाकपा राज्य सचिव ने बिहार की जनता से अफ़वाह पर ध्यान नहीं देने और शांति बनाये रखने की अपील की है।