किशनगंजन्यायपालिकाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज सिविल कोर्ट में अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस पर शपथ ग्रहण समारोह आयोजित

किशनगंज, 26 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,  अंतर्राष्ट्रीय नशा निरोधक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को किशनगंज सिविल कोर्ट परिसर में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार, पटना के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश-सह-अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकार नम्रता तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित हुआ।

समारोह में जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव ओम शंकर ने उपस्थित सभी लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। इस दौरान न्यायिक पदाधिकारी, अधिवक्ता, व्यवहार न्यायालय एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकार के कर्मचारी तथा पारा विधिक स्वयंसेवक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में सभी ने तंबाकू, सिगरेट, शराब एवं अन्य सभी प्रकार के नशीले पदार्थों से दूर रहने तथा समाज को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश नम्रता तिवारी ने अपने संबोधन में कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने उपस्थित लोगों से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ परिवार, आसपास के लोगों और समाज को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प दोहराया। समारोह के माध्यम से सिविल कोर्ट, किशनगंज ने समाज को नशामुक्ति का सकारात्मक संदेश दिया।

Related Articles

Back to top button