District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : नशा मुक्ति सप्ताह का समापन, विद्यार्थियों को बनाया गया अभियान का ब्रांड एम्बेसडर

किशनगंज, 26 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अंतर्राष्ट्रीय मादक द्रव्य दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर 17 से 26 जून तक चले “नशा मुक्ति सप्ताह” का समापन शुक्रवार को खगड़ा स्थित सम्राट अशोक भवन में जिला स्तरीय समारोह के साथ हुआ। कार्यक्रम की संयुक्त अध्यक्षता जिलाधिकारी नवीन कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। समारोह की शुरुआत अतिथियों के पौधा भेंट कर स्वागत, दीप प्रज्वलन और बिहार गीत के सामूहिक गायन से हुई। इस दौरान नशा मुक्ति विषयक डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन कर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में सप्ताहभर आयोजित चित्रकला, वाद-विवाद सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को शील्ड देकर सम्मानित किया गया। साथ ही नशामुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और आम लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि बिहार में लागू शराबबंदी समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाने की दिशा में सरकार की महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि शराब के अलावा अन्य मादक पदार्थ भी व्यक्ति, परिवार और समाज के लिए गंभीर खतरा हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा मुक्ति अभियान का “ब्रांड एम्बेसडर” बताते हुए अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने परिवार व समाज में भी जागरूकता फैलाएं। उन्होंने कहा कि कम उम्र में जिज्ञासा और गलत संगति के कारण युवा नशे की ओर आकर्षित हो जाते हैं, जिससे उनका भविष्य प्रभावित होता है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने कहा कि नशा व्यक्ति को अपराध की ओर धकेलता है और चोरी, लूट, छिनैती तथा पारिवारिक हिंसा जैसी घटनाओं को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा कि नशा इंसान को मानवता से दानवता की ओर ले जाता है। इसलिए युवाओं और स्कूली बच्चों को शुरुआत से ही सही मार्गदर्शन और जागरूकता देना जरूरी है।समारोह के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्त समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रदीप कुमार झा, अनुमंडल पदाधिकारी अनिकेत कुमार, सहायक निदेशक जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग श्रीति कुमारी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button