डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी के नवनियुक्त निदेशक श्री संजीव कुमार (भा.प्र.से.) ने आज पदभार ग्रहण किया। पदभार ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने साइंस सिटी परिसर का निरीक्षण किया तथा संबंधित उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर परियोजना के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/बैठक के दौरान कार्यपालक अभियंता, भवन निर्माण विभाग, बिहार द्वारा अवगत कराया गया कि डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम साइंस सिटी परियोजना की कुल लागत 889.98 करोड़ रुपये है। परियोजना के अंतर्गत कुल पाँच गैलरियों का निर्माण किया जाना है। इनमें ‘Be a Scientist’ गैलरी का निर्माण पूर्ण हो चुका है। वहीं, ‘Basic Science’ गैलरी के कुछ प्रदर्शों (Exhibits) का कार्य प्रगति पर है, जिसे दिसंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके अतिरिक्त, ‘Sustainable Planet’, ‘Space and Astronomy’ तथा ‘Body and Mind’ गैलरियों का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।
परियोजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए निदेशक ने कार्यान्वयन एजेंसी को निर्माण कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही, एजेंसी के उच्चस्तरीय प्रबंधन के साथ शीघ्र बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया, ताकि परियोजना के कार्यों की नियमित समीक्षा एवं कार्यों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान निदेशक ने संबंधित एजेंसी को परियोजना के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन हेतु एक समर्पित प्रोजेक्ट मैनेजर (Dedicated Project Manager) की पदस्थापना करने का निर्देश दिया। इसके अतिरिक्त, साइंस सिटी परिसर में स्थापित 150 किलोवाट क्षमता के सोलर पैनल की नेट मीटरिंग / ऑन ग्रिड की प्रक्रिया अविलंब पूर्ण कराने तथा प्रथम तल पर स्थित प्रशासनिक कक्षों को यथाशीघ्र तैयार करने का निर्देश दिया।
निदेशक ने परियोजना के सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने तथा आवश्यक समन्वय के साथ निर्माण कार्यों में तेजी लाने पर विशेष बल दिया।



