कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में चतुर्थ कृषि रोड मैप के प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति हेतु समीक्षा बैठक आयोजित ।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/चतुर्थ कृषि रोड मैप (2023-28) के प्रभावी क्रियान्वयन, निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज कृषि भवन, मीठापुर, पटना में कृषि उत्पादन आयुक्त, श्री अरविंद कुमार चौधरी की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में कृषि विभाग के प्रधान सचिव श्री नर्मदेश्वर लाल, सहकारिता विभाग के सचिव श्री धर्मेन्द्र सिंह, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग के सचिव श्री शीर्षत कपिल अशोक, कृषि विभाग के विशेष सचिव डॉ. बीरेंद्र प्रसाद यादव, कृषि निदेशक श्री मुकेश कुमार लाल, अपर सचिव श्री अमित कुमार पांडे तथा उद्यान निदेशक श्री अभिषेक कुमार सहित विभिन्न संबंधित विभागों के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।
बैठक में चतुर्थ कृषि रोड मैप के तहत बाजार समितियों के विकास एवं आधुनिकीकरण, जैविक कॉरिडोर के विस्तार, उद्यानिक फसलों के उत्पादन एवं क्षेत्र विस्तार तथा कृषि वानिकी को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, इन क्षेत्रों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन एवं निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति पर विशेष जोर दिया गया।
कृषि उत्पादन आयुक्त ने प्राकृतिक खेती के विस्तार एवं किसानों को इसके प्रति प्रोत्साहित करने, मछली एवं मांस की स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण बिक्री के लिए आधुनिक बिक्री केंद्र (सेल प्वाइंट) विकसित करने तथा अंडा उत्पादन की क्षमता बढ़ाकर बिहार को इस क्षेत्र में और सशक्त बनाने की दिशा में आवश्यक पहल करने पर जोर दिया।
इस दौरान चतुर्थ कृषि रोड मैप के अंतर्गत शामिल विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही, कृषि रोड मैप के निर्धारित उद्देश्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ किसानों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था से जुड़े लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
बैठक में इस बात पर विशेष जोर दिया गया कि चतुर्थ कृषि रोड मैप के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ कार्य करें, ताकि बिहार के कृषि क्षेत्र का समग्र विकास हो, किसानों की आय में वृद्धि हो तथा राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।
इस बैठक में कृषि विभाग, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग, ऊर्जा विभाग, राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, उद्योग विभाग, गन्ना उद्योग विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा सहकारिता विभाग के संबंधित पदाधिकारियों ने भाग लिया।
