किशनगंजघटना/दुर्घटनाबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : बालकनी से गिरकर लोजपा नेता की मौत, लाइन मोहल्ला में मातम

किशनगंज, 13 जून (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, शहर के सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत लाइन मोहल्ला में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में लोजपा नेता वीरेंद्र तिवारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिवार सहित पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, वीरेंद्र तिवारी अपने घर की बालकनी की रेलिंग की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनका संतुलन बिगड़ गया और वे बालकनी से नीचे गिर पड़े। गिरने से उनके सिर में गंभीर चोट लगी और वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उन्हें सदर अस्पताल किशनगंज लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। हालांकि अस्पताल ले जाने के दौरान ही उनकी मौत हो गई।

सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है।घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

पुलिस के अनुसार, परिजनों ने पूछताछ में बताया है कि मृतक ब्लड प्रेशर की समस्या से पीड़ित थे। आशंका जताई जा रही है कि रेलिंग साफ करने के दौरान उन्हें चक्कर आया होगा, जिससे उनका संतुलन बिगड़ गया और वे नीचे गिर गए। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

वीरेंद्र तिवारी लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के सक्रिय कार्यकर्ता एवं स्थानीय नेता थे। उनकी असमय मौत से पार्टी कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों में शोक व्याप्त है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!