
रांची// राजधानी रांची के गोंदा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश कर सफलता हासिल किया है। पुलिस ने धावन नगर स्थित रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से बड़ी संख्या में बैंक पासबुक, डेबिट कार्ड, चेकबुक, मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए हैं।
एसएसपी राकेश रंजन ने प्रेस वार्ता में बताया कि 28 मई की रात करीब आठ बजे गुप्त सूचना मिली थी कि चांदनी चौक स्थित रॉक व्यू अपार्टमेंट के एक फ्लैट में कुछ लोग साइबर अपराध से जुड़ी गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस उपाधीक्षक सदर संजीव बेसरा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया और फ्लैट में छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान फ्लैट के अंदर पांच लोगों को मौजूद पाया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से कई संदिग्ध और आपत्तिजनक सामान बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे फर्जी पहचान पत्र बनाकर लोगों के नाम पर बैंक खाते खुलवाते थे और उनका इस्तेमाल साइबर ठगी में करते थे। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि जिस फ्लैट में वे रह रहे थे, वह “निखिल भैया” नामक व्यक्ति का है। उन्होंने यह भी दावा किया कि उसी व्यक्ति ने उन्हें यहां बुलाया था और साइबर अपराध करने के तरीके सिखाए थे।

जांच एवं तलाशी के क्रम में पुलिस ने मौके से कुल 50 बैंक पासबुक बरामद किए हैं, जो अलग-अलग नामों से जारी किए गए थे। इसके अलावा 26 डेबिट कार्ड, आठ चेकबुक, 13 मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड भी जब्त किए गए हैं। बरामद मोबाइल फोन में से आठ मोबाइल खुले मिले, जिनके आईएमईआई नंबर नोट किए गए हैं। बाकी मोबाइल लॉक या स्विच ऑफ स्थिति में पाए गए।
पुलिस ने जिन पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, उनमें जामताड़ा, रामगढ़ और बोकारो जिले के निवासी शामिल हैं। गिरफ्तार आरोपियों में जामताड़ा का काजल कुमार मंडल (24), बोकारो का बिक्की कुमार (23), एवं रामगढ़ का शाकिब अंसारी (20) और आनंद कुमार (18) शामिल है। इसके अलावा रामगढ़ का रहने वाला एक नाबालिग आरोपी को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर रांची के गोंदा थाना में मामला दर्ज किया है। बरामद दस्तावेजों और मोबाइल फोन की जांच की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गिरोह ने अब तक कितने लोगों को अपना शिकार बनाया है और इसके तार किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।
इस कार्रवाई में गोंदा थाना प्रभारी अभय कुमार सिन्हा, एसआई सनी कुमार, ओम प्रकाश प्रसाद, एएसआई रामजन्म प्रसाद, सिपाही प्रेमचंद चौधरी तथा गोंदा थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
(प्रेस वार्ता में साइबर अपराधियों के बारे में जानकारी देते रांची एसएसपी राकेश रंजन) देखे विडियो…



