किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : कर्तव्य में लापरवाही पर बहादुरगंज थाना की महिला दारोगा निलंबित

किशनगंज,29मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में पुलिस विभाग ने कर्तव्य में लापरवाही और अनुशासनहीनता को लेकर बड़ी कार्रवाई करते हुए बहादुरगंज थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक सावित्री कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर की गई है।

जानकारी के अनुसार, बहादुरगंज अंचल पुलिस निरीक्षक द्वारा पुलिस अधीक्षक को एक प्रतिवेदन सौंपा गया था, जिसमें पुलिस अवर निरीक्षक सावित्री कुमारी पर कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता तथा वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के गंभीर आरोप लगाए गए थे। प्रतिवेदन में बताया गया कि संबंधित पदाधिकारी अनुसंधान कार्यों एवं विभिन्न कांडों के निष्पादन में लगातार उदासीन बनी हुई थीं।

आरोप है कि उन्हें समय-समय पर दिए गए विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया जा रहा था। इसके अलावा वे रात्रि गश्ती ड्यूटी में अनुपस्थित रहती थीं तथा दैनिक रोल-कॉल में भी बिना किसी वैध कारण के गैरहाजिर पाई गईं। रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि उन्होंने वरीय अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करते हुए ड्यूटी पर जाने और कांड का प्रभार ग्रहण करने से भी इंकार किया।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रतिवेदन के आधार पर तत्काल प्रभाव से सावित्री कुमारी को सामान्य जीवन यापन भत्ता पर निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र किशनगंज निर्धारित किया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच प्रारंभ करते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।

पुलिस विभाग का कहना है कि संबंधित पदाधिकारी का आचरण विभागीय अनुशासन, पुलिस कार्यप्रणाली और विधिक नियमों के विपरीत पाया गया है। इसे कर्तव्य के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और आदेश उल्लंघन माना गया है।

इधर, किशनगंज पुलिस ने स्पष्ट किया है कि विभाग में जीरो टॉलरेंस नीति के तहत किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता अथवा भ्रष्ट आचरण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विभाग ने यह भी कहा कि बेहतर और सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को समय-समय पर पुरस्कृत और सम्मानित भी किया जाता है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!