अपराधगिरफ्तारीपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पूर्णिया : हरिपुर में मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़, STF-पुलिस की कार्रवाई में 5 गिरफ्तार

पूर्णिया,19मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र में अवैध हथियार निर्माण के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोलकाता एसटीएफ और बिहार एसटीएफ की संयुक्त सूचना पर धमदाहा थाना क्षेत्र के हरिपुर वार्ड संख्या-01 में चल रही मिनी गन फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया गया। इस कार्रवाई में पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए भारी मात्रा में अर्धनिर्मित हथियार और हथियार बनाने के उपकरण बरामद किए हैं।जानकारी के अनुसार, 18 मई को कोलकाता एसटीएफ एवं बिहार एसटीएफ की टीम धमदाहा थाना पहुंची और सूचना दी कि हरिपुर वार्ड संख्या-01 निवासी गब्बर राय और मिट्ठू कुमार अपने घर में अवैध मिनी गन फैक्ट्री संचालित कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक स्वीटी सेहरावत के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, धमदाहा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी दल जब गब्बर राय और मिट्ठू कुमार के घर पहुंचा तो जमीन के अंदर बने कमरे से चार व्यक्ति भागने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए चारों को पकड़ लिया। पूछताछ में गिरफ्तार लोगों ने स्वीकार किया कि वे अवैध आग्नेयास्त्र निर्माण का काम करते हैं तथा हथियार बनाने का सामान सूरज कुमार उपलब्ध कराता है।

इसके बाद पुलिस ने जमीन के अंदर बने कमरे की तलाशी ली, जहां से 10 अर्धनिर्मित देशी पिस्तौल, छह मोबाइल फोन, लेथ मशीन, ड्रिल मशीन, मिलिंग मशीन समेत हथियार निर्माण में प्रयुक्त भारी मात्रा में औजार एवं लोहे के उपकरण बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने मुंगेर निवासी सूरज कुमार को भी उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार आरोपियों में मिट्ठू कुमार और गब्बर राय, दोनों निवासी हरिपुर, थाना धमदाहा, जिला पूर्णिया, जबकि मो. अनवर खान, मो. आफताब आलम और सूरज कुमार मुंगेर जिले के निवासी बताए गए हैं।

छापेमारी दल में एसडीपीओ संदीप गोल्डी, पुलिस निरीक्षक सत्यनारायण राय, थानाध्यक्ष रविशंकर कुमार सहित धमदाहा थाना पुलिस, बिहार एसटीएफ एवं कोलकाता एसटीएफ के अधिकारी शामिल थे। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!