किशनगंज : मोहरमारी चौक पर अंडरपास निर्माण की मांग, मंत्री से मिले जिप सदस्य

किशनगंज,18मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला परिषद सदस्य ई. नासिक नदीर ने बिहार सरकार के राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल से मुलाकात कर किशनगंज-बहादुरगंज फोरलेन परियोजना के अंतर्गत डेरामारी पंचायत स्थित मोहरमारी चौक पर अंडरपास निर्माण की मांग उठाई। मंत्री ने मामले में आवश्यक कार्रवाई और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया है।
जिप सदस्य नासिक नदीर ने मंत्री को बताया कि मोहरमारी चौक क्षेत्र के लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मार्ग है। इस रास्ते से प्रतिदिन बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे एवं ग्रामीण आवागमन करते हैं। करीब 15 से 20 हजार की आबादी इसी मार्ग पर निर्भर है। अंडरपास नहीं होने के कारण लोगों को जान जोखिम में डालकर सड़क पार करनी पड़ती है, जिससे दुर्घटना की आशंका लगातार बनी रहती है।
उन्होंने कहा कि यह मार्ग आसपास के करीब 10 गांवों को जोड़ने वाला मुख्य संपर्क पथ है। फोरलेन निर्माण के बाद ग्रामीणों की परेशानी और बढ़ गई है। स्थानीय लोगों को सड़क पार करने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर स्कूली बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
नासिक नदीर ने मंत्री से आग्रह किया कि मोहरमारी चौक की स्थिति की पुनः जांच कराते हुए यहां अंडरपास निर्माण को प्राथमिकता दी जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
इस पर मंत्री डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए समस्याओं के शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग से मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
जिप सदस्य ने बताया कि इस संबंध में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री, किशनगंज के जिलाधिकारी, पूर्णिया के परियोजना निदेशक तथा किशनगंज सांसद को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजी गई है, ताकि अंडरपास निर्माण की दिशा में जल्द पहल हो सके।



