किशनगंज : पुल निर्माण से सड़क बंद, डायवर्सन नहीं, आंधी से नुकसान और जलजमाव पर डीएम से कार्रवाई की मांग

किशनगंज,27अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिला परिषद क्षेत्र संख्या 10 के अंतर्गत विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर जिला परिषद सदस्य इंजीनियर नासिक नदीर ने सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज को आवेदन देकर त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
पहले मामले में उन्होंने बताया कि पाठकोई कला पंचायत में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (फेज-3) के तहत MRL-42T01 पाटकोई हाट से गांगी हाट जाने वाली सड़क पर पुल निर्माण कार्य जारी है। निर्माण के कारण मुख्य सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है, लेकिन ठेकेदार द्वारा वैकल्पिक मार्ग (डायवर्सन) की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया है और लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने डीएम से तत्काल डायवर्सन निर्माण कराने का निर्देश देने की मांग की है।
दूसरे आवेदन में हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान से हुए नुकसान का मुद्दा उठाया गया है। उन्होंने बताया कि कुट्टी, कमलपुर, बगलबाड़ी, मजगंवा, डेरामारी, तेघरिया और पाठकोई पंचायतों में प्राकृतिक आपदा के कारण झोपड़ियों और मक्का की फसलों को भारी क्षति हुई है। इससे गरीब परिवारों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं तीसरे मामले में बगलबाड़ी पंचायत के रहमतपाड़ा चौक पर मुख्य सड़क में स्थायी जलजमाव की समस्या को गंभीर बताया गया है। जलभराव के कारण लोगों को आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने प्रशासन से इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। जिला परिषद सदस्य ने कहा कि ये सभी समस्याएं आम जनता से जुड़ी हैं और इनके समाधान में देरी से लोगों की परेशानियां और बढ़ सकती हैं।
उन्होंने प्रशासन से शीघ्र संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की अपील की है।



