किशनगंज : ‘सात निश्चय–3’ के तहत डीएम ने सुनीं जनसमस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश

किशनगंज,27अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
डीएम ने स्पष्ट किया कि सप्ताह में दो दिन सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। साथ ही आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम विशाल राज ने प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य करने के निर्देश भी दिए। किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित पदाधिकारी को तत्काल वरीय अधिकारियों को सूचित करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि संबंधित पदाधिकारी अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों की समस्याएं सुनेंगे।
एक से अधिक कार्यालयों के प्रभार वाले पदाधिकारियों को सोमवार और शुक्रवार को सभी कार्यालयों में उपस्थित रहकर लोगों से मिलने का निर्देश दिया गया है। निर्देशों की अवहेलना या अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।



