“मिस्टर झारखंड” का महासंग्राम, GIBBF ने किया ऐलान…

रांची//झारखंड में बॉडी बिल्डिंग खेल को अब नई पहचान और मजबूत मंच मिलने जा रहा है। शुक्रवार को रांची के टाइटन जिम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में गोल्डन झारखंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन (GJBBA) ने कई अहम घोषणाएं कीं। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि अब गोल्डन झारखंड बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन (GJBBF) को गोल्डन बॉडी बिल्डिंग फेडरेशन (GIBBF) से आधिकारिक संबद्धता मिल गई है। यह संबद्धता झारखंड के उन खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है, जो वर्षों से राज्य स्तर पर मेहनत करते आ रहे हैं, लेकिन उन्हें सही मंच और पहचान नहीं मिल पा रही थी।
जब मंच मिलता है, तभी प्रतिभा चमकती है
बॉडी बिल्डिंग सिर्फ शरीर बनाने का खेल नहीं है, यह अनुशासन, धैर्य और कड़ी मेहनत की परीक्षा भी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद पदाधिकारियों ने बताया कि झारखंड में हजारों युवा जिम में मेहनत करते हैं, दिन-रात पसीना बहाते हैं, लेकिन प्रतियोगिताओं और सही अवसर की कमी के कारण वे आगे नहीं बढ़ पाते। इसी कमी को दूर करने के लिए गोल्डन झारखंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ने एक बड़ा कदम उठाया है। संस्था का कहना है कि अब झारखंड के खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर प्रतियोगिताएं देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का रास्ता तैयार किया जाएगा।
10 मई को होगा “मिस्टर झारखंड”का बड़ा मुकाबला
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सबसे बड़ा ऐलान 10 मई को होने वाले आयोजन को लेकर हुई। एसोसिएशन ने बताया कि इस दिन झारखंड में एक बड़ी बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसे “मिस्टर झारखंड” प्रतियोगिता के रूप में प्रचारित किया जाएगा। आयोजकों के मुताबिक इस प्रतियोगिता में राज्य के अलग-अलग जिलों से बॉडी बिल्डर्स भाग लेंगे। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों की बॉडी स्ट्रक्चर, मसल्स डेफिनिशन, स्टेज प्रेजेंस और फिटनेस के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा मूल्यांकन किया जाएगा।
युवाओं के लिए सपना नहीं, अब लक्ष्य बनेगा नेशनल मंच
बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में झारखंड के कई खिलाड़ी लगातार मेहनत कर रहे हैं। कई युवा ऐसे भी हैं, जिनके पास हुनर तो है, लेकिन आर्थिक परेशानी और सही मार्गदर्शन के अभाव में वे प्रतियोगिताओं तक नहीं पहुंच पाते। गोल्डन झारखंड बॉडी बिल्डिंग एसोसिएशन ने भरोसा दिलाया कि अब खिलाड़ियों को बेहतर प्लेटफॉर्म देने की दिशा में काम होगा। संस्था का कहना है कि प्रतियोगिताओं से खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे बड़े स्तर की तैयारी कर पाएंगे।
14 जून को रायपुर में ईस्ट इंडिया चैंपियनशिप
सिर्फ राज्य स्तर पर ही नहीं, बल्कि झारखंड के खिलाड़ियों को बाहर भी पहचान दिलाने की तैयारी है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि 14 जून 2026 को ईस्ट इंडिया बॉडी बिल्डिंग चैंपियनशिप का आयोजन रायपुर (छत्तीसगढ़) में किया जाएगा। इस प्रतियोगिता में झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, बिहार, बंगाल सहित कई राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। झारखंड से भी चुनिंदा बॉडी बिल्डर्स को इस प्रतियोगिता के लिए भेजने की तैयारी शुरू हो गई है।
खिलाड़ियों की मेहनत को मिलेगा सम्मान : महासचिव…
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मानद महासचिव बिद्युत सरकार ने कहा कि झारखंड में बॉडी बिल्डिंग खेल तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। युवा फिटनेस के प्रति जागरूक हो रहे हैं और जिम कल्चर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, “हमारा प्रयास है कि झारखंड के खिलाड़ी केवल लोकल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रहें। उन्हें नेशनल और इंटरनेशनल लेवल पर पहचान दिलाने के लिए हम लगातार काम कर रहे हैं।”
गांव-शहर के खिलाड़ियों में बढ़ रहा जोश
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान यह भी चर्चा हुई कि अब बॉडी बिल्डिंग सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं रह गया है। गोड्डा, साहेबगंज, दुमका, धनबाद, बोकारो जैसे जिलों में भी युवा लगातार ट्रेनिंग कर रहे हैं। संस्था का कहना है कि अगर जिले स्तर पर भी प्रतियोगिताएं और चयन प्रक्रिया मजबूत हो जाए, तो झारखंड से कई खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकते हैं।
फिटनेस के साथ अनुशासन का संदेश
बॉडी बिल्डिंग की दुनिया में सफलता सिर्फ जिम में वजन उठाने से नहीं मिलती। इसमें डाइट, समय, अनुशासन और मानसिक मजबूती का बड़ा योगदान होता है। संस्था ने युवाओं से अपील की कि वे नशे से दूर रहें, हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं और खेल के माध्यम से अपने करियर को दिशा दें।


