“पश्चिम बंगाल में ममता सरकार से त्रस्त जनता बदलाव के लिए तैयार, पांचों राज्यों में एनडीए को मिलेगा जनादेश” – डॉ. संतोष कुमार सुमन

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/भारत निर्वाचन आयोग द्वारा असम, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव की तिथियों की घोषणा का स्वागत करते हुए हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बिहार सरकार के मंत्री संतोष कुमार सुमन ने कहा कि यह लोकतंत्र का महापर्व है और देश की जनता विकास, सुशासन और राष्ट्रहित की राजनीति को मजबूत करने के लिए तैयार है।
डॉ. सुमन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदीजी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार ने देश में विकास, पारदर्शिता और गरीब कल्याण की नई दिशा दी है। केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है, जिसके कारण पूरे देश में एनडीए के प्रति जनता का भरोसा लगातार मजबूत हुआ है।
पश्चिम बंगाल की स्थिति पर टिप्पणी करते हुए डॉ. सुमन ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के शासन में राज्य में राजनीतिक हिंसा, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया है। वहां की जनता लंबे समय से भय और असुरक्षा के माहौल में जी रही है और अब बदलाव के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल की जनता इस कुशासन को समाप्त करने का मन बना चुकी है।
डॉ. सुमन ने कहा कि असम में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन की सरकार ने विकास और सुशासन का मजबूत मॉडल प्रस्तुत किया है, जबकि तमिलनाडु, केरल और पुडुचेरी में भी जनता स्थिर और विकासोन्मुखी सरकार के लिए एनडीए की ओर आशा से देख रही है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इन पांचों राज्यों की जनता राष्ट्रहित, विकास और सुशासन की राजनीति को समर्थन देते हुए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को मजबूत जनादेश देगी।
डॉ. सुमन ने सभी मतदाताओं से अपील की कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में बढ़-चढ़कर भाग लें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।

