किशनगंज : जनगणना 2027 के प्रथम चरण को लेकर तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू

किशनगंज,16मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, भारत की जनगणना 2027 के प्रथम चरण (मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना) से संबंधित जिला एवं चार्ज स्तरीय अधिकारियों तथा अन्य शासकीय कर्मियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ सोमवार को समाहरणालय स्थित महानंदा सभागार में किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधान जनगणना पदाधिकारी सह जिलाधिकारी विशाल राज ने की। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 16 से 18 मार्च तक आयोजित किया जाएगा।
उद्घाटन के अवसर पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों और कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि जनगणना एक अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण के दौरान प्रत्येक बिंदु को गंभीरता से समझें। किसी प्रकार की शंका होने पर प्रश्न-उत्तर सत्र के माध्यम से उसका समाधान अवश्य प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल माध्यम से की जाएगी। इसलिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी तकनीकी पहलुओं को भली-भांति समझ लें, ताकि कार्य के दौरान किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति उत्पन्न न हो।
डीएम ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में संभावित समस्याओं और उनके समाधान पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही जिला एवं प्रखंड स्तर पर जनगणना से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि आम नागरिकों को इस प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
प्रशिक्षण सत्र में पटना से आए विशेषज्ञों की दो सदस्यीय टीम रंजय कुमार सिन्हा और हेमंत कुमार ने अधिकारियों एवं कर्मियों को जनगणना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनगणना 2027 इस श्रृंखला की 16वीं तथा स्वतंत्रता के बाद की आठवीं जनगणना होगी। इस बार डिजिटल नवाचार के तहत आंकड़ों के संकलन में आधुनिक तकनीक का व्यापक उपयोग किया जाएगा।
बताया गया कि जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 2 मई से 31 मई 2026 तक की जाएगी। इस दौरान आवास की स्थिति, उपलब्ध सुविधाएं और परिसंपत्तियों से संबंधित जानकारी जैसे छत की सामग्री, पेयजल का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता तथा वाहन आदि से संबंधित जानकारी एकत्र की जाएगी।
इसके अलावा पहली बार नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) पोर्टल के माध्यम से 17 अप्रैल से 1 मई तक अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी।
कार्यक्रम में अपर समाहर्ता अमरेन्द्र कुमार पंकज, डीडीसी प्रदीप कुमार झा, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी प्रमोद सिंह सहित जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी और चार्ज पदाधिकारी उपस्थित थे।



