*रबी विपणन मौसम 2026-27″ के अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति हेतु किसानों का ऑनलाइन निबंधन “21 जनवरी, 2026” से प्रारंभ*
* गेहूँ अधिप्राप्ति हेतु कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture. bihar.gov.in पर ऑनलाइन निबंधन प्रारंभ।
* “रबी विपणन मौसम 2026-27” हेतु गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585/- रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित।
* गेहूँ बिक्री के उपरांत किसानों को 48 घंटों के भीतर पी.एफ.एम.एस (PFMS) प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में भुगतान।
त्रिलोकी नाथ प्रसाद/रबी विपणन मौसम 2026-27″ के अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति हेतु कृषि विभाग के पोर्टल dbtagriculture.bihar.gov.in पर किसानों का ऑनलाइन निबंधन दिनांक 21 जनवरी, 2026 से प्रारंभ हो गया है। गेहूँ अधिप्राप्ति हेतु ई-सहकारी पोर्टल के किसान कॉर्नर में जाकर “गेहूँ अधिप्राप्ति 2026 हेतु आवेदन प्रपत्र” लिंक का चयन कर निबंधन / आवेदन किया जा सकता है। जो किसान पूर्व वर्ष में गेहूँ बिक्री हेतु उक्त पोर्टल पर निबंधित थे, उन्हें इस वर्ष पुनः आवेदन करने की आवश्यकता नहीं है। हालांकि, यदि किसी किसान को भूमि विवरण अथवा नामित सदस्य संबंधी जानकारी में संशोधन करना हो, तो वे पोर्टल के माध्यम से आवश्यक बदलाव कर सकते हैं।
किसानों के हित में सरकार ने “रबी विपणन मौसम 2026-27” में गेहूँ के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में उल्लेखनीय वृद्धि की गई है। “रबी विपणन मौसम 2026-27” हेतु गेहूँ का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2585/-रूपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है, जो पूर्व वर्ष की तुलना में 160/-रूपये प्रति क्विंटल अधिक है। इससे राज्य के गेहूँ उत्पादक किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य प्राप्त हो सकेगा।
गेहूँ बिक्री के उपरांत किसानों को 48 घंटों के भीतर पी.एफ.एम.एस (PFMS) प्रणाली के माध्यम से उनके नामित बैंक खाते में भुगतान किया जाएगा। किसान अपनी सुविधा के अनुसार पंचायत स्तर पर अवस्थित पैक्स अथवा प्रखंड स्तर पर अवस्थित व्यापार मंडल में गेहूँ की बिक्री कर सकते हैं। गेहूं अधिप्राप्ति प्रारंभ होने की संभावित तिथि 1 अप्रैल, 2026 है।
ऑनलाइन निबंधन अथवा अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु किसान अपने प्रखंड में पदस्थापित सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी अथवा संयुक्त निबंधक के कार्यालय से सम्पर्क कर सकते हैं।
“रबी विपणन मौसम 2026-27” के अंतर्गत गेहूँ अधिप्राप्ति से संबंधित किसी भी प्रकार की जानकारी हेतु किसान *विभागीय हेल्पलाइन नं० 0612-2200693* पर संपर्क कर सकते हैं।