किशनगंज : जिलाधिकारी की अध्यक्षता में ICDS की समीक्षा बैठक, आंगनबाड़ी केंद्रों की बेहतरी पर ज़ोर

किशनगंज,22सितंबर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सोमवार को जिलाधिकारी विशाल राज की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण ICDS समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी ICDS, सहायक निदेशक बाल संरक्षण इकाई आलोक कुमार भारती, सभी सीडीपीओ, पीएचईडी, बीसीडी समेत आईसीडीएस के सभी संबंधित कर्मी उपस्थित थे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न बिंदुओं पर गहन समीक्षा करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने PHED विभाग को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर शत-प्रतिशत पेयजल की उपलब्धता एक सप्ताह के भीतर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से बाल विकास परियोजना किशनगंज में प्राथमिकता के आधार पर कार्य संपन्न करने को कहा गया।
सभी सीडीपीओ को आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की मरम्मत से संबंधित उपयोगिता प्रमाण पत्र सात दिनों के भीतर जमा कराने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना (PMMVY) की लक्ष्य प्राप्ति, अतिकुपोषित बच्चों को एनआरसी (NRC) रेफर करने, सभी आंगनबाड़ी केंद्रों का नियमित निरीक्षण सुनिश्चित करने तथा पोषण माह से संबंधित डेटा एंट्री समय पर पूर्ण करने का भी सख्त निर्देश दिया गया।
डीएम विशाल राज ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों को पूरी तरह से सक्रिय और प्रभावी बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहने और बाल विकास एवं पोषण संबंधी योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक का मुख्य उद्देश्य जिले में संचालित बाल विकास योजनाओं की गुणवत्ता और प्रभावशीलता को बढ़ाना और ज़मीनी स्तर पर हर लाभार्थी तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना रहा।



