किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

पारिवारिक विवाद से परेशान महिला ने किशनगंज रेलवे स्टेशन पर किया आत्महत्या का प्रयास, आरपीएफ ने बचाई जान

किशनगंज,14मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज रेलवे स्टेशन परिसर में गुरुवार को एक महिला द्वारा आत्महत्या का प्रयास किए जाने से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई। हालांकि मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की तत्परता से महिला की जान बचा ली गई। घटना रेलवे कॉलोनी स्थित फुट ओवरब्रिज के पास की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला काफी देर से परेशान हालत में स्टेशन परिसर में घूम रही थी। इसी दौरान उसने अपने दुपट्टे को फुट ओवरब्रिज के लोहे के हिस्से से बांधा और फिर उसे गले में डालकर पुल से छलांग लगाने का प्रयास किया। घटना देखते ही आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ जवानों ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए महिला को सुरक्षित बाहर निकाला और संभाला।

बताया जाता है कि महिला ज्योति कुमारी पति सोमनाथ, सदर थाना क्षेत्र के धर्मगंज की रहने वाली है। घटना के समय उसके साथ उसकी करीब पांच वर्षीय बच्ची भी मौजूद थी, जो काफी डरी-सहमी नजर आई। महिला बार-बार गुस्से और भावुक अवस्था में खुद को मरने देने की बात कह रही थी। मौके पर मौजूद लोगों एवं पुलिसकर्मियों ने करीब एक घंटे तक समझा-बुझाकर उसे शांत कराया।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और महिला को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला पारिवारिक विवाद को लेकर मानसिक तनाव में थी, जिसके कारण उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

आरपीएफ इंचार्ज एचके शर्मा ने बताया कि महिला पारिवारिक विवाद से नाराज होकर आत्महत्या का प्रयास कर रही थी, लेकिन जवानों की सतर्कता से समय रहते उसे बचा लिया गया।

उन्होंने बताया कि घटना की सूचना महिला के परिजनों को दे दी गई थी। बाद में उसके पिता की मौजूदगी में सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर महिला को उसके पति के साथ घर भेज दिया गया। घटना के बाद लोगों ने आरपीएफ एवं स्थानीय नागरिकों की तत्परता की सराहना की।

रेलवे पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मानसिक तनाव में दिख रहे व्यक्तियों की मदद करें और तत्काल पुलिस या परिजनों को सूचना दें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!