ठाकुरगंज : ए पॉजिटिव या ए नेगेटिव? ब्लड ग्रुप रिपोर्ट में गड़बड़ी से परिजनों में आक्रोश
ठाकुरगंज सीएचसी की जांच पर उठे सवाल, एक महिला के दो अलग-अलग ब्लड ग्रुप रिपोर्ट

किशनगंज,14मई(हि.स.)। फ़रीद अहमद, ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में गर्भवती महिला की ब्लड ग्रुप जांच को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर गलत ब्लड ग्रुप रिपोर्ट देने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार ठाकुरगंज प्रखंड के जीरनगाछ पंचायत अंतर्गत कटहलबाड़ी निवासी सुहाना नूरी की 5 मई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ठाकुरगंज में चिकित्सकीय जांच कराई गई थी। इस दौरान अस्पताल में किए गए ब्लड ग्रुप टेस्ट में महिला का ब्लड ग्रुप ए पॉजिटिव बताया गया। परिजनों के अनुसार बाद में महिला की तबीयत बिगड़ने पर उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल किशनगंज रेफर किया गया।
बताया जाता है कि सदर अस्पताल में 12 मई को दोबारा ब्लड ग्रुप जांच कराई गई, जिसमें महिला का ब्लड ग्रुप ए नेगेटिव पाया गया। दोनों रिपोर्ट में अंतर आने के बाद परिजनों में चिंता बढ़ गई। मरीज के परिजन हसनैन रजा ने आरोप लगाया कि ठाकुरगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ब्लड टेस्ट के दौरान लापरवाही बरती गई है। उन्होंने कहा कि गर्भवती महिला के मामले में इस तरह की गलती गंभीर परिणाम ला सकती थी।
हसनैन रजा ने बताया कि वह इस मामले को लेकर सिविल सर्जन को आवेदन देकर जांच कराने तथा दोषी कर्मियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे। हालांकि उन्होंने कहा कि निजी कारणों से अब तक आवेदन नहीं दिया जा सका है। परिजनों का कहना है कि यदि जरूरत पड़ने पर गलत ब्लड ग्रुप के आधार पर रक्त चढ़ाया जाता तो मरीज की जान को खतरा हो सकता था।
इधर, मामले को लेकर ठाकुरगंज चिकित्सा पदाधिकारी से दूरभाष पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका। इस कारण उनका पक्ष खबर में शामिल नहीं किया जा सका है। संपर्क होने पर उनका पक्ष भी प्रकाशित किया जाएगा।



