किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : मासिक अपराध गोष्ठी में एसपी ने दिए सख्त निर्देश

नशा तस्करों के खिलाफ बनेगी एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स, बकरीद को लेकर अलर्ट

किशनगंज,11मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज पुलिस की मासिक अपराध गोष्ठी एवं पुलिस सभा रविवार देर रात पुलिस सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने की। गोष्ठी में जिले के सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, अंचल पुलिस निरीक्षक, थानाध्यक्ष एवं शाखा प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निष्पादन, अनुसंधान की गुणवत्ता और विधि-व्यवस्था को लेकर समीक्षा करते हुए एसपी ने कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए।

इस दौरान जिले में मादक पदार्थों की तस्करी, बिक्री और सेवन पर प्रभावी कार्रवाई के लिए एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) गठित करने की घोषणा की गई। सभी थानाध्यक्षों को नशा तस्करों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने तथा संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान कर कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया गया।एसपी संतोष कुमार ने शिक्षण संस्थानों में “ड्रग्स फ्री कैंपस” अभियान चलाने और ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में जनभागीदारी के माध्यम से नशा मुक्ति जागरूकता अभियान संचालित करने को कहा। उन्होंने इंडो-नेपाल सीमा से जुड़े थानों को फर्जी आधार कार्ड, फर्जी प्रमाण पत्र और फर्जी कंपनियों के माध्यम से ठगी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया।

यातायात थाना को निजी वाहनों पर “पुलिस” और “प्रेस” लिखकर चलने वालों तथा बिना हेलमेट वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने को कहा गया। महिला थाना को छात्राओं और कामकाजी महिलाओं की सुरक्षा के लिए “पुलिस दीदी योजना” के तहत विशेष कार्य योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया।मानव तस्करी रोकने के लिए एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) को पुनर्गठित कर सक्रिय कार्रवाई करने तथा साइबर थाना को साइबर अपराध से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई एवं लंबित कांडों के निष्पादन पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया।

आगामी बकरीद पर्व को लेकर एसपी ने सभी पुलिस पदाधिकारियों को संवेदनशील इलाकों में सतर्क निगरानी रखने, निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने और सांप्रदायिक मामलों पर विशेष नजर रखने को कहा। गोष्ठी के दौरान बिजली तार चोरी मामले के सफल उद्भेदन के लिए पहाड़कट्टा थानाध्यक्ष फुलेन्दर कुमार तथा बेहतर कांड निष्पादन के लिए दिघलबैंक थानाध्यक्ष विपिन कुमार को पुरस्कृत किया गया।

वहीं, कोचाधामन, पाठामारी और विशनपुर थानाध्यक्षों के कार्य को असंतोषजनक पाते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!