किशनगंज : 19 मई से शुरू होगा सहयोग शिविर अभियान, मुख्यमंत्री ने जारी किए निर्देश
मुख्यमंत्री ने किया सहयोग पोर्टल व हेल्पलाइन 1100 का लोकार्पण

किशनगंज,11मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, राज्य सरकार द्वारा आमजनों की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं पंचायत स्तर पर सरकारी सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से “सहयोग शिविर” अभियान शुरू किया जा रहा है। इसको लेकर सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्य के सभी जिलाधिकारियों, पुलिस अधीक्षकों एवं संबंधित विभागीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि सात निश्चय-3 के अंतर्गत “सबका सम्मान–जीवन आसान” के तहत पंचायत स्तर पर प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को “सहयोग शिविर” आयोजित किए जाएंगे। इसका पहला आयोजन 19 मई 2026 को होगा। शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का निष्पादन 30 दिनों के भीतर अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्तर पर आवेदन लंबित रखा जाता है तो 31वें दिन संबंधित पदाधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आम लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय का चक्कर नहीं लगाना पड़े, इसके लिए पंचायत स्तर पर ही व्यवस्था सशक्त की जा रही है।
उन्होंने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को कम-से-कम पांच पंचायतों का औचक निरीक्षण करने का निर्देश दिया, ताकि शिविरों की गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनी रहे। इस दौरान मुख्यमंत्री ने “सहयोग पोर्टल” एवं हेल्पलाइन नंबर 1100 का भी लोकार्पण किया।
बैठक में बताया गया कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों की रियल टाइम मॉनिटरिंग मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा की जाएगी। साथ ही सभी सूचनाओं को नियमित रूप से पोर्टल पर अपडेट करने का निर्देश दिया गया।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के बाद जिलाधिकारी विशाल राज ने जिले के सभी संबंधित पदाधिकारियों को आवेदन प्राप्ति एवं पोर्टल एंट्री में तेजी लाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि जिले में अब तक लगभग 550 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। प्रखंड स्तर पर पोर्टल संचालन एवं आवेदन अपलोडिंग के लिए कर्मियों को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
जिलाधिकारी ने जिला, प्रखंड, अंचल, पंचायत एवं थाना स्तर पर सहयोग शिविर गठन कर पंचायतवार रोस्टर तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार, डीडीसी प्रदीप कुमार, एडीएम अमरेन्द्र कुमार पंकज, जिला पंचायत राज पदाधिकारी जफर आलम, जिला योजना पदाधिकारी सह जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कुंदन कुमार सिंह सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे।



