District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम, तंबाकू मुक्त समाज का लिया संकल्प

किशनगंज,31मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर रविवार को जिलेभर में जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “आकर्षण के मुखौटे को हटाना : निकोटीन और तंबाकू की लत का मुकाबला” के तहत लोगों को तंबाकू सेवन के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

सिविल सर्जन कार्यालय परिसर में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में अधिकारियों, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, छात्राओं एवं आम नागरिकों ने भाग लेकर तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने की। इस दौरान जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी डॉ. देवेंद्र कुमार, गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी, जिला महामारी विशेषज्ञ, एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की प्राचार्या, शिक्षक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। सभी ने तंबाकू सेवन से दूर रहने और समाज को इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने की शपथ ली। एएनएम प्रशिक्षण विद्यालय की छात्राओं ने जागरूकता रैली निकालकर लोगों को तंबाकू त्यागने का संदेश दिया। रैली में पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से तंबाकू के दुष्प्रभावों को दर्शाया गया।

इसके अलावा जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, स्वास्थ्य उपकेंद्रों एवं आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी शपथ ग्रहण, पोस्टर प्रदर्शनी और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि तंबाकू किसी भी रूप में स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है और युवाओं में बढ़ती इसकी लत चिंता का विषय है। वहीं गैर संचारी रोग पदाधिकारी डॉ. उर्मिला कुमारी ने कहा कि तंबाकू सेवन मुंह के कैंसर, गले के कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों की गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है।

सदर अस्पताल के प्रभारी अधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने कहा कि तंबाकू का दुष्प्रभाव केवल व्यक्ति तक सीमित नहीं रहता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।

वक्ताओं ने भावी पीढ़ी को सुरक्षित रखने के लिए तंबाकू के खिलाफ सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को स्वस्थ एवं नशामुक्त जीवन अपनाने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!