ताजा खबर

*अशोक राजपथ में जाम की समस्या से निजात मिलेगी: माननीय मुख्यमंत्री*

मुकेश कुमार/बिहार की शान बनेगा पटना का डबल डेकर, ट्रैफ़िक प्रबंधन होगी मजबूत: माननीय मंत्री नितिन नवीन।

राजधानी पटना में अब तीन लेयर में गाड़ियां दौड़ेंगी। माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को पटना के साइंस कॉलेज से पीएमसीएच होते हुए गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक तक 422 करोड़ की लागत से बने डबल डेकर ब्रिज का उद्घाटन किया। माननीय मुख्यमंत्री ने कारगिल चौक के पास आयोजित कार्यक्रम स्थल पर फीता काटकर एवं शिलापट्ट अनावरण कर लोकार्पण किया।

वहीं, लोकार्पण पश्चात् माननीय मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन के साथ कारगिल चौक से साइंस कॉलेज और साइंस कॉलेज से कारगिल चौक तक डबल डेक फ्लाईओवर का निरीक्षण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने डबल डेक फ्लाईओवर पर रूककर पीएमसीएच से इसके कनेक्टिविटी के संबंध में जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह डबल डेक फ्लाईओवर बहुत अच्छा बना है। इस पथ के निर्माण से अशोक राजपथ में जाम की समस्या से निजात मिलेगी और यातायात व्यवस्था सुगम होगी।

वहीं, इस क्रम में मीडिया को संबोधित करते हुए माननीय पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने कहा कि पटना से सबसे व्यस्त इलाकों में से एक अशोक राजपथ के लोगों के लिए ये फ्लाईओवर एक बड़ी सौगात है। डबल डेकर अब बिहार की शान बनेगा। डबल डेकर के निर्माण हो जाने से गांधी मैदान, एनआईटी, कृष्णा घाट, बीएन कॉलेज, सिविल कोर्ट, पीरबहोर, पटना मार्केट, गोविंद मित्रा रोड, मखनियां कुआं रोड, खजांची रोड, महेंद्रू, गोकलपुर, भिखना पहाड़ी, रमना रोड, एनआईटी, पटना विश्वविद्यालय और गुलबी घाट आने जाने वालों को काफी सहूलियत होगी।

मंत्री नितिन नवीन ने बताया कि डबल डेकर पटना की ट्रैफिक प्रबंधन की व्यवस्था को और मजबूत बनायेगा। डबल डेकर यातायात दबाव को कम करने में मदद करेगा, जिससे छात्रों, मरीजों, व्यवसायियों और आम नागरिकों को बड़ा लाभ होगा।। यह फ्लाईओवर छपरा के बाद बिहार का दूसरा डबल-डेकर फ्लाईओवर होगा और इसे आधुनिकतम तकनीक से तैयार किया जा रहा है।

विदित हो कि 2.2 किलोमीटर लंबे डबल डेकर फ्लाईओवर का निर्माण बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इस पथ को दो स्तर में बनाया जा रहा है। इसका पहला स्तर 1.5 किमी लंबा होगा, जो पटना कॉलेज से बीएन कॉलेज तक फैला होगा, जबकि दूसरा स्तर 2.2 किमी लंबा होगा, जो कारगिल चौक से साइंस कॉलेज तक जाएगी। दोनों स्तरों पर 8.5 मीटर चौड़ी कैरिजवे होगी, जो एकतरफा यातायात के लिए डिज़ाइन की गई है। गौरतलब हो कि यह परियोजना पटना मेट्रो रेल, बाकरगंज नाला पर सड़क और पटना मेडिकल कॉलेज अस्पताल (PMCH) में प्रस्तावित मल्टी-लेवल कार पार्किंग से समन्वयित होगी।

कार्यक्रम के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी, उप मुख्यमंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री श्री विजय कुमार चौधरी, पथ निर्माण मंत्री श्री नितिन नवीन, विधायक श्री अरूण कुमार सिन्हा, विधान पार्षद श्री नीरज कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button