
किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में नशा कारोबार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत सदर थाना पुलिस ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 69 पुड़िया स्मैक के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई टेउसा चाय बगान के समीप की गई। गिरफ्तार आरोपियों में दीपेंद्र चौहान, साहिल, शंकर कुमार एवं सिटुन शामिल हैं, जो अलग-अलग स्थानों के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने सभी को मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि शहर के कुछ स्थानों पर स्मैक की डिलीवरी की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर एक टीम का गठन किया गया। टीम ने टेउसा चाय बगान पहुंचकर संदिग्ध युवकों की तलाशी ली, जहां से स्मैक बरामद करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। इससे पूर्व भी पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की गई थी।
पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के बाद इस धंधे से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी मिलने की संभावना है। कार्रवाई में अवर निरीक्षक शंख राज कर्ण सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले में स्मैक के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।



