किशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में ट्रक से अवैध रूप से ले जाए जा रहे 30 मवेशी जब्त, एक गिरफ्तार

कोचाधामन पुलिस की कार्रवाई, वाहन चालक नहीं दिखा सका वैध कागजात

किशनगंज,24सितम्बर(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह,
जिले में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोचाधामन थाना पुलिस ने सोमवार की देर रात मस्तान चौक के समीप एक ट्रक से 30 मवेशी जब्त किए हैं। इस कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार भी किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गुप्त सूचना मिली थी कि कोचाधामन थाना क्षेत्र से होकर एक ट्रक के माध्यम से मवेशियों को पश्चिम बंगाल की ओर अवैध रूप से ले जाया जा रहा है। सूचना के बाद थाना क्षेत्र में सघन निगरानी की जा रही थी। इसी क्रम में बहादुरगंज-किशनगंज सड़क मार्ग पर एक संदिग्ध ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान ट्रक में ठूंस-ठूंस कर लदे 30 मवेशी बरामद किए गए, जिनमें कई के पैर बंधे हुए थे।

कार्रवाई थानाध्यक्ष रंजय कुमार के नेतृत्व में की गई, जिसमें धनपुरा पिकेट प्रभारी राजू कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। पूछताछ के दौरान जब ट्रक चालक से मवेशी ले जाने से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका

पुलिस ने जब्त मवेशियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने की व्यवस्था की है और आगे की कानूनी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस तस्करी के पीछे कौन लोग शामिल हैं और कहां से मवेशी लाए गए थे।

गौरतलब है कि बीते अगस्त माह में भी सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत खगड़ा मझिया रोड से एक ट्रक पर 37 मवेशी जब्त किए गए थे और तीन आरोपियों को हिरासत में लिया गया था। उस मामले में भी मवेशियों को अमानवीय तरीके से ठूंस कर लादा गया था।

जिले में मवेशी तस्करी के बढ़ते मामलों को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है और संदिग्ध वाहनों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!