District Adminstrationकिशनगंजपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : निजी वाहनों पर ‘पुलिस-प्रेस’ लिखना पड़ेगा भारी, एक हफ्ते का अल्टीमेटम, नहीं मानने पर होगी कार्रवाई

किशनगंज,02मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में निजी वाहनों पर ‘पुलिस’, ‘प्रेस’ या अन्य भ्रामक पहचान लिखने वालों के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने ऐसे सभी नेम प्लेट एक सप्ताह के भीतर हटाने का अल्टीमेटम जारी किया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है।

एसपी ने स्पष्ट किया कि कई लोग अपने निजी वाहनों पर ‘पुलिस’ या ‘प्रेस’ लिखकर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं, जो पूरी तरह अवैध है। उन्होंने कहा कि इस तरह के नेम प्लेट का उपयोग कर कुछ लोग अनधिकृत विशेषाधिकार दिखाने की कोशिश करते हैं, जिससे आम जनता में भ्रम की स्थिति उत्पन्न होती है।

पुलिस अधीक्षक ने चेतावनी दी है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि ऐसे नेम प्लेट नहीं हटाए गए, तो संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस अभियान को जिलाधिकारी विशाल राज का भी समर्थन मिला है। उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए यह कदम आवश्यक है। डीएम ने सभी वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय रहते अपने वाहनों से अवैध और भ्रामक नेम प्लेट हटा लें।

प्रशासन के अनुसार, अवैध नेम प्लेट का दुरुपयोग कर कुछ लोग जांच से बचने या गलत गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश करते हैं, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है। इसी को देखते हुए सख्ती बरती जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, समय सीमा समाप्त होने के बाद विशेष अभियान चलाकर ऐसे वाहनों की जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करते पाए जाने पर जुर्माना, वाहन जब्ती समेत अन्य कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने आम नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कानून का पालन करने और किसी भी प्रकार की भ्रामक पहचान का उपयोग न करने को कहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!