राज्य
जिला पदाधिकारी, पटना-सह-नोडल पदाधिकारी, जाति आधारित गणना, 2022-सह-प्रधान गणना पदाधिकारी, पटना डॉ. चन्द्रशेखर सिंह द्वारा आज जाति आधारित गणना के कार्यों का निरीक्षण किया गया।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद-फुलवारीशरीफ प्रखण्ड एवं नगर परिषद चार्ज में उन्होंने गणना कार्य का जायजा लिया। सबसे पहले प्रखंड कार्यालय पहुँच कर प्रपत्रों के वितरण का अवलोकन किया गया। इसके बाद जिलाधिकारी ने नगर परिषद के वार्ड नं. 10 में गणना कार्य का जायजा लिया। प्रगणक एवं पर्यवेक्षक विहित प्रक्रिया के अनुसार गणना कार्य कर रहे थे। प्रगणक द्वारा सभी 17 प्रकार की सूचनाओं को पूछकर प्रामाणिक ढंग से प्रविष्ट किया जा रहा था। परिवार के प्रधान का घोषणा-पत्र भी लिया जा रहा था। जिलाधिकारी द्वारा कई परिवारों के सदस्यों तथा प्रधानों से भी फीडबैक लिया गया।
गौरतलब है कि सामान्य प्रशासन विभाग के निदेश के आलोक में पटना जिला के सभी 45 चार्जों में आज जाति आधारित गणना का कार्य प्रारंभ कर दिया गया। जिला पदाधिकारी के निदेश पर आज सभी प्रखंडों के नोडल पदाधिकारियों तथा अनुमंडल पदाधिकारियों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्रों में पहुँच कर गणना कार्य का निरीक्षण किया जा रहा है। डीएम डॉ. सिंह ने सरकार के निदेश के आलोक में बिहार जाति आधारित गणना, 2022 कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देकर यथाशीघ्र पूरा करने का निर्देश दिया है।
विदित हो कि जिलाधिकारी के आदेश पर ज़िला तथा चार्ज स्तरों पर गणना से संबंधित सभी कोषांगों को 01 अगस्त को ही को ही तत्काल प्रभाव से सक्रिय कर दिया गया है। जिलाधिकारी द्वारा आंकड़ों की शुद्धता पर विशेष ध्यान देने का निदेश दिया गया है।
गौरतलब है कि द्वितीय चरण में पटना जिले के कुल 45 चार्ज द्वारा कुल 9,35,507 परिवारों की गणना पूर्व में ही पूर्ण कर ली गई थी। पटना जिला में परिवारों की कुल संख्या 13,69,000 है। शेष गणना का कार्य जारी है। 12,741 प्रगणक, 2,139 पर्यवेक्षक एवं 45 चार्ज पदाधिकारी गणना कार्य में लगे हुए हैं। सभी 17 प्रकार की आवश्यक जानकारियाँ ली जा रही हैं। इन सबकी प्रविष्टि मोबाइल ऐप के माध्यम से भी की जा रही है। वैज्ञानिक तरीके से प्रामाणिक ढंग से सूचनाओं का संग्रहण किया जा रहा है। दोहरी प्रविष्टिकरण रोकने के लिए अचूक व्यवस्था है। सभी प्रखण्डों के वरीय प्रभारी पदाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी तथा कोषांगों में प्रतिनियुक्त पदाधिकारी गणना कार्य का नियमित पर्यवेक्षण कर रहे हैं।
डीएम डॉ सिंह ने निदेश दिया कि पोर्टल पर इंट्री कार्य को भी जल्दी पूरा कर लिया जाए।
डीएम डॉ सिंह ने निदेश दिया कि निर्वाचन मोड में गणना का संचालन किया जाए। नियंत्री पदाधिकारी गणनाकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करेंगे।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार के निदेशों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से शुद्धता सुनिश्चित करते हुए गुणवत्तापूर्ण ढंग से गणना की जाए। पूर्व में सभी प्रगणक; पर्यवेक्षक एवं चार्ज अधिकारी बेहतर तरीके से कार्य किए हैं। प्रखंडों के सभी वरीय प्रभारी पदाधिकारी, नोडल पदाधिकारी तथा अनुमंडल पदाधिकारी क्षेत्रों का नियमित भ्रमण करेंगे। वे भी समय-समय पर क्षेत्रों में भ्रमण कर गणना कार्य का अनुश्रवण करेंगे।
डीएम डॉ. सिंह ने कहा कि सरकार के निदेशों के अनुरूप बिहार जाति आधारित गणना, 2022 का सफलतापूर्वक क्रियान्वयन किया जाएगा।