District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : सखी वार्ता में छात्राओं ने बेझिझक पूछे सवाल, अधिकारों और सुरक्षा की मिली जानकारी

किशनगंज, 27 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और आत्मविश्वास को लेकर गुरुवार को प्रोजेक्ट कन्या उच्च विद्यालय, बहादुरगंज में ‘सखी वार्ता’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी नवीन कुमार के आदेश तथा डीपीओ आईसीडीएस-सह-नोडल पदाधिकारी, डब्ल्यूसीडीसी अंकिता सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में छात्राओं ने बेझिझक अपनी जिज्ञासाएं और सवाल रखे। अधिकारियों व विशेषज्ञों ने सरल भाषा में छात्राओं की शंकाओं का समाधान किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी नवीन कुमार ने कहा कि बेटियां केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज और देश की अमूल्य शक्ति हैं। बालिकाओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और अपनी बात रखने का अवसर उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश तभी सार्थक होगा, जब प्रत्येक बालिका अपने अधिकारों, सुरक्षा और आत्मसम्मान के प्रति जागरूक होगी। उन्होंने छात्राओं से अपने सपनों को पहचानने, निरंतर शिक्षा प्राप्त करने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

डीपीओ आईसीडीएस-सह-नोडल पदाधिकारी डब्ल्यूसीडीसी अंकिता सिंह ने कहा कि ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और समान अवसर का संकल्प है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बेटी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त करने और आत्मनिर्भर बनने का अधिकार है। बालिकाओं को उनकी सुरक्षा व अधिकारों के प्रति जागरूक करने में ऐसे संवादात्मक कार्यक्रम महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक मो. शाहबाज आलम, जेंडर स्पेशलिस्ट सुशील कुमार झा और मनोसामाजिक परामर्शी अंजू दास ने छात्राओं से संवाद किया। छात्राओं ने शिक्षा, सुरक्षा, अधिकार और अन्य विषयों से जुड़े सवाल पूछे। अधिकारियों ने उनकी बातों को गंभीरता से सुनते हुए आवश्यक जानकारी दी।

विद्यालय के प्रधानाचार्य व शिक्षकगण ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन छात्राओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें अपनी समस्याओं और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हैं। कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

dharmendra singh

धर्मेन्द्र सिंह प्रिंट माध्यम में 17 वर्षों से और डिजिटल माध्यम में पिछले 10 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं।राजनीतिक, सामाजिक व अपराध की खबरों में विशेष रूचि है।

Related Articles

Back to top button