किशनगंज : सदर अस्पताल में आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर व्यवस्था का दो दिवसीय असेसमेंट

किशनगंज, 27 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, गंभीर एवं आकस्मिक स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को समय पर बेहतर इलाज उपलब्ध कराने की तैयारी को परखने के लिए सदर अस्पताल, किशनगंज में दो दिवसीय असेसमेंट शुरू किया गया है। 27 एवं 28 अगस्त को होने वाले इस आकलन में आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर सेवाओं की क्षमता, संसाधनों की उपलब्धता और अस्पताल की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।
भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश के आलोक में राज्य स्तरीय ईए एवं आईए से संबद्ध दो सदस्यीय टीम अस्पताल की व्यवस्थाओं का विस्तृत आकलन कर रही है। टीम द्वारा मरीज के अस्पताल पहुंचने से लेकर प्रारंभिक जांच, उपचार, निगरानी और आवश्यकता पड़ने पर रेफर किए जाने तक की पूरी प्रक्रिया को देखा जा रहा है। इसके अलावा आवश्यक उपकरण, मानव संसाधन, दवाओं की उपलब्धता तथा विभिन्न विभागों के बीच समन्वय की स्थिति भी परखी जा रही है।
असेसमेंट के लिए सीतामढ़ी के अस्पताल प्रबंधक विजय चंद्र झा को एक्सटर्नल असेसर तथा किशनगंज के डीसीक्यूए सुमन कुमार को इंटरनल असेसर बनाया गया है।
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनवर हुसैन ने कहा कि इमरजेंसी में मरीज को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना प्राथमिकता है। असेसमेंट से वर्तमान व्यवस्था की कमियों को चिन्हित कर आवश्यक सुधार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि गंभीर मरीजों को यथासंभव स्थानीय स्तर पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है।
सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने कहा कि आपातकालीन स्वास्थ्य सेवा अस्पताल की महत्वपूर्ण सेवाओं में शामिल है। असेसमेंट को महज निरीक्षण नहीं, बल्कि व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के अवसर के रूप में देखा जा रहा है।
डीएम नवीन कुमार ने कहा कि मजबूत इमरजेंसी एवं ट्रॉमा केयर व्यवस्था का सीधा लाभ गंभीर मरीजों को मिलेगा। असेसमेंट में सामने आने वाले सुझावों और सुधार के बिंदुओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।



