*निजी नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थानों के लिए BNRC पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभिमुखीकरण कार्यक्रम*

श्रुति मिश्रा/ हार में गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के विस्तार और निजी क्षेत्र की भागीदारी को सुगम बनाने के उद्देश्य से बिहार नर्सिंग रजिस्ट्रेशन काउंसिल (BNRC) के वेब पोर्टल के माध्यम से नए नर्सिंग प्रशिक्षण संस्थानों द्वारा मान्यता प्राप्त करने हेतु आवेदन प्रक्रिया को लेकर अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 08, 10 एवं 12 अक्टूबर 2026 को पटना के बापू टावर में आयोजित किया जा रहा है।

कार्यक्रम में नए निजी क्षेत्र में नर्सिंग स्कूल एवं कॉलेजों के प्रबंधन प्रतिनिधियों को BNRC पोर्टल पर आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक मानकों, संस्थागत तैयारियों एवं अनुपालन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी जा रही है।
राज्य में पूर्व से निजी प्रक्षेत्र में कुल 383 संस्थानों द्वारा नर्सिंग स्कूल /कॉलेज का संचालन किया जा रहा है। 1 से 31 अगस्त तक आवेदन के लिए खुले पोर्टल पर निजी प्रक्षेत्र के नए नर्सिंग स्कूल/कॉलेज की स्थापना हेतु कुल 556 संस्थानों द्वारा आवेदन समर्पित किया गया है।
इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के सचिव श्री कुमार रवि ने कहा कि आप लोग राज्य के महत्वपूर्ण निवेशक है। स्वास्थ्य विभाग की भूमिका प्रक्रिया को सुगम बनाना तथा आवश्यक सुविधा एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि निजी नर्सिंग संस्थानों से संबंधित पूरी प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि सभी निजी नर्सिंग स्कूल एवं कॉलेज को इंडियन नर्सिंग काउंसिल (INC) द्वारा निर्धारित मानकों का पालन सुनिश्चित करना होगा। साथ ही, संस्थानों द्वारा विकसित की जाने वाली आधारभूत संरचना नियमों के अनुरूप होनी चाहिए।
अभिमुखीकरण कार्यक्रम में नर्सिंग संस्थानों में पर्याप्त फैकल्टी, आधारभूत संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, क्लिनिकल प्रशिक्षण की व्यवस्था, CCTV की स्थापना एवं उसके प्रभावी उपयोग, INC के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पाठ्यक्रम का संचालन तथा गुणवत्तापूर्ण नर्सिंग शिक्षा के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से जानकारी दी जा रही है।
स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य निजी क्षेत्र की भागीदारी को प्रोत्साहित करते हुए नर्सिंग शिक्षा में गुणवत्ता, पारदर्शिता और निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करना तथा राज्य में प्रशिक्षित नर्सिंग मानव संसाधन को और सुदृढ़ करना है।
कार्यक्रम में विशेष सचिव, स्वास्थ्य विभाग डॉ. त्यागराजन एस. एम., अपर सचिव श्री मृणायक दास सहित स्वास्थ्य विभाग एवं BNRC के अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।


