किशनगंज : कोचाधामन में 171.2 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार
किशनगंज,01मार्च(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, किशनगंज पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कोचाधामन थाना क्षेत्र से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। पुलिस ने इस दौरान 171.2 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त करते हुए एक तस्कर को गिरफ्तार किया तथा दो टोटो वाहनों को भी जप्त किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 28 फरवरी को पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि पश्चिम बंगाल से टोटो वाहनों के माध्यम से अवैध विदेशी शराब बिहार लाई जा रही है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीआईयू टीम के नेतृत्व में कोचाधामन थाना पुलिस एवं धनपुरा पुलिस पिकेट की संयुक्त टीम गठित की गई।
संयुक्त टीम द्वारा मस्तान चौक पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान किशनगंज की ओर से आ रहे दो टोटो वाहनों को रोकने का संकेत दिया गया। एक चालक वाहन रोककर खड़ा हो गया, जबकि दूसरा चालक टोटो छोड़कर मौके से फरार हो गया।
तलाशी के दौरान लाल रंग के टोटो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR37ER-4502) में बने बॉक्स से 86.15 लीटर तथा नीले रंग के टोटो (रजिस्ट्रेशन संख्या BR37ER-1770) से 42.3 लीटर विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित विदेशी शराब बरामद की गई। दोनों वाहनों से कुल 171.2 लीटर शराब जब्त की गई। पुलिस ने एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
मामले में कोचाधामन थाना कांड संख्या 114/26, दिनांक 28.02.2026 के तहत बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान अख्तर आलम (23 वर्ष), पिता जमालुद्दीन, निवासी लहरा फुलवारी, थाना व जिला किशनगंज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार मामले में फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंकेज की जांच की जा रही है। साथ ही अवैध शराब तस्करी से अर्जित संपत्ति का पता लगाकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) 2023 की धारा 107 के तहत जब्ती की कार्रवाई भी की जाएगी।
छापेमारी दल में डीआईयू टीम के अलावा कोचाधामन थानाध्यक्ष पु०नि० रंजय कुमार सिंह, पु०अ०नि० सरफराज हुसैन, पु०अ०नि० अरविंद शर्मा, पु०अ०नि० प्रदीप कुमार (प्रभारी, धनपुरा पिकेट) सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।



