District Adminstrationकिशनगंजगिरफ्तारीठाकुरगंजतस्करों के खिलाफ कार्रवाईपुलिसबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : गलगलिया चेक पोस्ट पर बड़ी कार्रवाई, लग्जरी कार से 181.56 लीटर विदेशी शराब बरामद

दो तस्कर गिरफ्तार, सिलीगुड़ी से जोकीहाट ले जाई जा रही थी शराब

किशनगंज,18अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, उत्पाद विभाग की टीम ने शनिवार को गलगलिया चेक पोस्ट के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से 181.56 लीटर विदेशी शराब बरामद की है। इस दौरान दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद तौसीफ एवं चालक मोहम्मद मुल्तजिर के रूप में हुई है, जो अररिया जिले के जोकीहाट के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

उत्पाद अधीक्षक दीपक कुमार मिश्रा के निर्देश पर उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बंगाल के सिलीगुड़ी से शराब की बड़ी खेप किशनगंज के रास्ते ठाकुरगंज एवं गलगलिया होते हुए अररिया जिले के जोकीहाट ले जाई जा रही है।

सूचना के आधार पर उत्पाद टीम ने गलगलिया चेक पोस्ट एवं बंगाल सीमा से सटे मार्गों पर निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही एक संदिग्ध लग्जरी कार को रुकने का इशारा किया गया। लेकिन चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश करने लगा। टीम ने पीछा कर वाहन को पकड़ लिया।

वाहन की तलाशी लेने पर 181.56 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। इसके बाद वाहन समेत दोनों आरोपियों को उत्पाद थाना लाया गया, जहां पुनः गहन तलाशी ली गई। पकड़े गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा शराब तस्करी के नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है।

उत्पाद थानाध्यक्ष संगम कुमार विद्यार्थी ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर चेक पोस्टों पर लगातार जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में यह सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि शराब तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

कार्रवाई में सहायक अवर निरीक्षक चंदन कुमार रॉय, सहायक अवर निरीक्षक अभिमन्यु कुमार सहित अन्य उत्पाद कर्मी शामिल थे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!