भाकपा के पूर्व विधायक रामाश्रय सिंह नहीं रहें।….

कुणाल कुमार/श्रद्धांजलि 8 जून, पटना। भरतीय कम्युनिस्ट पार्टी के पूर्व विधानसभा सदस्य कॉमरेड रामाश्रय सिंह का निधन शुक्रवार की रात इलाज के दौरान गुड़गांव में हो गया। उनके निधन की खबर सुनते ही पूरी पार्टी में शोक की लहर दौड़ गई। उनके सम्मान में पार्टी के राज्य कार्यलय अजय भवन, पटना में पार्टी का झण्डा झुका दिया गया है। कॉमरेड सिंह भाकपा बिहार राज्य परिषद के लंबे समय तक सदस्य रहे और बक्सर जिले के डुमरांव से बिहार विधानसभा के सदस्य चुने गए थे। 1977 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री सरदार हरिहर सिंह को हराया था।
भाकपा बिहार राज्य परिषद के पूर्व सदस्य और डुमरांव से विधायक रहे का० रामाश्रय सिंह का गत रात गुडगांव के एक अस्पताल में निधन हो गया। राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक के लिए दिल्ली में उपस्थित पार्टी के राष्ट्रीय सचिव का० नागेंद्र नाथ ओझा और राज्य सचिव का० रामनरेश पांडेय ने अस्पताल पहुंच कर अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। ताउम्र उन्होंने मजदूरों, किसानों तथा आम जनता के संघर्षों का नेतृत्व किया। वे शोषित पीड़ित जनता के नायक के रूप में याद किए जाते रहेंगे। अपने शोक संदेश में राज्य सचिव ने कहा कि हम उनके संघर्षों को मुकाम तक पहुंचाने के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उनके निधन से भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के साथ साथ वामपंथी आंदोलन को गहरा धक्का लगा है जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है।