District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज : तनाव दूर भगाने और सेहत सुधारने के लिए एसपी की अनोखी पहल, अब मॉर्निंग वॉक से शुरू होगी पुलिसकर्मियों की सुबह

किशनगंज, 21 अगस्त (के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लगातार ड्यूटी के दबाव के बीच पुलिसकर्मियों को तनावमुक्त और फिट रखने के लिए पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने अनोखी पहल शुरू की है। अब जिले के सभी थानों और पुलिस लाइन में तैनात पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक और हल्के व्यायाम के लिए प्रेरित किया जाएगा। इस संबंध में एसपी ने जिले के सभी थानाध्यक्षों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।

एसपी के निर्देश के अनुसार थानाध्यक्ष अपने-अपने थाना क्षेत्र में तैनात पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए जागरूक करेंगे। उन्हें सुबह की सैर के साथ हल्के व्यायाम के लिए भी प्रोत्साहित किया जाएगा। थानाध्यक्षों को स्वयं इस मुहिम में शामिल होकर जवानों के लिए उदाहरण प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी दी गई है।

24 घंटे की ड्यूटी से बढ़ता है तनाव

एसपी संतोष कुमार ने कहा कि पुलिसिंग का काम बेहद चुनौतीपूर्ण है।पुलिसकर्मियों को 24 घंटे ड्यूटी, अपराध की जांच, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और विभिन्न परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई करनी पड़ती है। लगातार काम के दबाव के कारण कई बार पुलिसकर्मी मानसिक और शारीरिक तनाव का सामना करते हैं, जिसका असर उनके स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

उन्होंने कहा कि नियमित मॉर्निंग वॉक शरीर को स्वस्थ रखने के साथ मानसिक रूप से भी तरोताजा रखने में मददगार है। सुबह की सैर और हल्के व्यायाम से तनाव, चिड़चिड़ापन और मानसिक थकान कम हो सकती है। इससे पुलिसकर्मी खुद को अधिक ऊर्जावान महसूस करेंगे और अपनी ड्यूटी का निर्वहन बेहतर तरीके से कर सकेंगे।

फिट रहेंगे तो बेहतर होगी पुलिसिंग

एसपी ने कहा कि पुलिसकर्मियों का शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रहना बेहद जरूरी है। स्वस्थ और फिट जवान ही चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में पूरी ऊर्जा और चुस्ती-फुर्ती के साथ अपनी जिम्मेदारी निभा सकते हैं। उन्होंने सभी थानाध्यक्षों को इस पहल को गंभीरता से लागू कराने और जवानों को नियमित रूप से मॉर्निंग वॉक व व्यायाम के लिए प्रेरित करने को कहा है।

एसपी की इस पहल को पुलिस महकमे के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी सकारात्मक कदम के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Back to top button