राज्यसभा चुनाव: एनडीए एकजुट, परिमल नाथवानी की जीत तय – भाजपा

रांची: राज्यसभा चुनाव को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में रविवार को एनडीए विधायक दल की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने की। बैठक में एनडीए के सभी घटक दलों के नेताओं और विधायकों ने हिस्सा लिया। बैठक के बाद मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि एनडीए पूरी तरह एकजुट है और राज्यसभा उम्मीदवार परिमल नाथवानी के समर्थन में मजबूती से खड़ा है। उन्होंने दावा किया कि नाथवानी की जीत सिर्फ तय नहीं, बल्कि पूरी तरह सुनिश्चित है। नवीन जायसवाल ने बताया कि बैठक में मतदान प्रक्रिया को लेकर भी चर्चा हुई। नए विधायकों को मतदान के तरीके और समय संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि कुछ विधायक आवश्यक कारणों से बैठक में शामिल नहीं हो सके, लेकिन उन्होंने पहले ही इसकी सूचना पार्टी को दे दी थी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष अपनी संभावित हार को लेकर अभी से ही बेचैन और हताश दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि एनडीए के सभी विधायक एकजुट हैं और किसी तरह की भ्रम की स्थिति नहीं है। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि परिमल नाथवानी निर्दलीय प्रत्याशी हैं और सभी 81 विधायक उनके लिए संभावित मतदाता हैं। वे सभी दलों के विधायकों से संपर्क में हैं। उनके पूर्व कार्यकाल और अनुभव पर सभी को भरोसा है। उन्होंने विश्वास जताया कि 18 जून को विधायक अपने विवेक और अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करेंगे तथा परिमल नाथवानी तीसरी बार राज्यसभा पहुंचेंगे। बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, विजय शर्मा, सुदेश महतो सहित एनडीए के कई विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहे।


