प्रमंडलीय आयुक्त ने किया विभागीय परीक्षा केंद्र का निरीक्षण, दिए कई निर्देश

नवेंदु मिश्र
मेदिनीनगर – पलामू प्रमंडलीय आयुक्त श्रीमती कुमुद सहाय ने आगामी विभागय परीक्षा दिनांक (14 जून) को मद्दे नजर रखते हुए गिरिवर +2 हाई स्कूल का किया निरीक्षण।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। आयुक्त ने परीक्षा संचालन को पूरी तरह पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने विद्यालय परिसर में स्वच्छता, पेयजल (डिस्पोजल के साथ ), शौचालय,बिजली, सी.सी.टी.वी., मेडिकल किट एवं बैठने की समुचित व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया। साथ ही परीक्षा कक्षों में पर्याप्त रोशनी एवं आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण कर ली जाएं साथ ही परीक्षार्थियों के लिए आयुक्त ने चाय और बिस्किट की भी व्यवस्था उपलब्ध कराने का आदेश दिया है। उन्होंने केंद्र पर अनुशासन बनाए रखने तथा परीक्षा संबंधी सभी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
आयुक्त ने विद्यालय प्रबंधन एवं प्रशासनिक अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।



