राजनीति

राज्यसभा चुनाव: बैद्यनाथ राम की जीत सुनिश्चित करने में जुटी झामुमो, सीएम हेमंत ने बुलाई रणनीतिक बैठक

रांची। राज्यसभा चुनाव को लेकर झारखंड की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) द्वारा पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष और पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद शनिवार को मुख्यमंत्री आवास में महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की, जिसमें पार्टी के विधायक, सांसद और वरिष्ठ नेता शामिल हुए। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्यसभा चुनाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संगठनात्मक एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने सभी विधायकों से व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और पार्टी के अधिकृत उम्मीदवार बैद्यनाथ राम को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बैद्यनाथ राम लंबे समय से पार्टी के प्रति समर्पित और संघर्षशील नेता रहे हैं। मंत्री के रूप में उन्होंने अपने कार्यकाल में उल्लेखनीय कार्य किए और संगठन को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हेमंत सोरेन ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में बैद्यनाथ राम बेहद कम अंतर से हार गए थे, जबकि उनकी जीत लगभग तय मानी जा रही थी। ऐसे में पार्टी ने उनके संघर्ष, समर्पण और संगठन के प्रति निष्ठा को सम्मान देते हुए उन्हें राज्यसभा भेजने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि बैद्यनाथ राम राज्यसभा में झारखंड के जनहित से जुड़े मुद्दों को मजबूती के साथ उठाएंगे और राष्ट्रीय स्तर पर राज्य की आवाज को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे। उन्होंने कहा कि झामुमो अपने समर्पित कार्यकर्ताओं और नेताओं को सम्मान देने की परंपरा का निर्वहन कर रही है। बैठक में मौजूद नेताओं ने भी बैद्यनाथ राम की उम्मीदवारी का स्वागत करते हुए इसे संगठन के समर्पित कार्यकर्ताओं के सम्मान के रूप में बताया। नेताओं ने भरोसा जताया कि राज्यसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार को व्यापक समर्थन मिलेगा। वहीं, राज्यसभा प्रत्याशी बैद्यनाथ राम ने पार्टी नेतृत्व और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, वह उस भरोसे पर पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में झारखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और राज्य लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि मुख्यमंत्री आवास में आयोजित यह बैठक केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि राज्यसभा चुनाव को लेकर झामुमो की रणनीतिक तैयारी और संगठनात्मक एकजुटता का स्पष्ट संदेश भी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!