किशनगंज : महिला सुरक्षा और बालिका शिक्षा को लेकर कस्तूरबा विद्यालय में जागरूकता का बिगुल

किशनगंज,19मई(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज के निर्देश पर महिला एवं बाल विकास निगम अंतर्गत जिला हब फॉर एंपावरमेंट ऑफ वीमेन एवं वन स्टॉप सेंटर, किशनगंज द्वारा मंगलवार को किशनगंज प्रखंड स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, पुराना खगड़ा में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं किशोरियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा सेवाओं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना था। इस दौरान प्रतिभागियों ने खुलकर अपनी समस्याएं और अनुभव साझा किए, जिस पर संबंधित कर्मियों ने आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन दिया।
कार्यक्रम में महिला सुरक्षा, घरेलू हिंसा, जेंडर आधारित हिंसा, बाल संरक्षण, बाल विवाह रोकथाम, माहवारी स्वच्छता तथा लैंगिक समानता जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।महिलाओं एवं किशोरियों को बताया गया कि किसी भी प्रकार का भेदभाव, हिंसा या उत्पीड़न कानूनन अपराध है और इसके खिलाफ कानूनी सहायता उपलब्ध है। माहवारी स्वच्छता अभियान के तहत छात्राओं के बीच स्वच्छता किट का वितरण भी किया गया।
इस अवसर पर यौन उत्पीड़न से संबंधित जानकारी देते हुए विशेषज्ञों ने बताया कि गलत स्पर्श, अभद्र टिप्पणी, पीछा करना या सोशल मीडिया एवं मोबाइल के माध्यम से ऑनलाइन उत्पीड़न भी दंडनीय अपराध की श्रेणी में आता है। महिलाओं एवं बालिकाओं को बिना भय अपनी शिकायत दर्ज कराने और सहायता सेवाओं का उपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में POSH Act और POCSO Act के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी भी सरल भाषा में दी गई। साथ ही मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना और बेरोजगारी भत्ता योजना के बारे में विस्तार से बताया गया।
महिला हेल्पलाइन 181, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, आपातकालीन सेवा 112, साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 एवं वन स्टॉप सेंटर की सुविधाओं की जानकारी भी साझा की गई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सशक्तिकरण और बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।



