ताजा खबर

विभागीय समीक्षा बैठक में माननीय मंत्री ने सहकारी संस्थाओं को सशक्त बनाने एवं योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया बल

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित करने, चीनी मिलों के पुनरुद्धार, पैक्स कंप्यूटरीकरण एवं समितियों के उत्पादको को बेहतर बाजार मूल्य उपलब्ध कराने के लिए माननीय मंत्री, सहकारिता विभाग ने दिए आवश्यक निर्देश।

सहकारिता विभाग के माननीय मंत्री श्री राम कृपाल यादव की अध्यक्षता में विभागीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की अद्यतन प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में सचिव, सहकारिता विभाग श्री धर्मेन्द्र सिंह, अपर सचिव श्री अभय कुमार सिंह, प्रबंध निदेशक, बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) डॉ गगन, बिहार राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री मनोज कुमार सिंह सहित विभाग के अन्य सभी वरीय पदाधिकारी गण उपस्थित रहे।

समीक्षा बैठक में पीपीटी प्रस्तुतीकरण के माध्यम से विभागीय संरचना, विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से माननीय मंत्री को अवगत कराया गया।

समीक्षा बैठक में माननीय मंत्री ने विभागीय पदाधिकारियों को बेहतर समन्वय एवं उत्तरदायित्व के साथ कार्य करते हुए सभी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
माननीय मंत्री ने सुधा मॉडल की तर्ज पर बिहार राज्य सब्जी प्रसंस्करण एवं विपणन फेडरेशन (वेजफेड) के माध्यम से राज्य में सब्जी विक्रय केन्द्र स्थापित करने हेतु पायलट परियोजना का प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस पहल से सब्जी उत्पादक किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य प्राप्त होगा तथा विपणन व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

माननीय मंत्री ने मधुबनी जिले के सकरी एवं दरभंगा जिले के रैयाम स्थित बंद पड़ी चीनी मिलों को पुनः संचालित करने की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही शहद उत्पादक सहकारी समितियों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराने, मूल्य संवर्धन को बढ़ावा देने तथा इनके विस्तार हेतु प्रभावी रणनीति तैयार करने को कहा।

माननीय मंत्री ने अनुमंडल स्तर पर विभागीय कार्यालय परिसर निर्माण हेतु प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया, ताकि प्रशासनिक कार्यों के संचालन में अधिक दक्षता एवं सुविधा सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में बुनकर सहयोग समितियों को विभागीय स्तर पर अधिक सहयोग उपलब्ध कराने की संभावनाओं पर भी विस्तार से चर्चा की गई। माननीय मंत्री ने इस क्षेत्र को प्रोत्साहित करने के लिए व्यवहारिक एवं परिणामोन्मुखी प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया।

खाद्यान्न अधिप्राप्ति की समीक्षा के क्रम में माननीय मंत्री ने गेहूं अधिप्राप्ति अभियान में और तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने पैक्स कंप्यूटरीकरण योजना के अंतर्गत शेष सभी पैक्सों का शीघ्र कंप्यूटरीकरण सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।

माननीय मंत्री ने सभी स्तर के पदाधिकारियों को सहकारी समितियों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश देते हुए कहा कि अधिकाधिक समितियों को क्रियाशील बनाकर सहकारिता आंदोलन को और मजबूत किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने बिहार राज्य स्वावलंबी सहकारी समिति अधिकरण (Tribunal) को यथाशीघ्र कार्यरत करने का भी निर्देश दिया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!