ठाकुरगंज : नूरी चौक चोरी कांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

किशनगंज/पौआखाली,01मई(के.स.)। फ़रीद अहमद, पौआखाली थाना क्षेत्र के नगर पंचायत स्थित नूरी चौक में किराना दुकान में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सिमलबाड़ी निवासी कलाम, पिता मोहम्मद्दीन एवं सज्जाद आलम उर्फ पानीडुब्बा, पिता साबिर आलम के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, नूरी चौक स्थित खालिद रजा की किराना दुकान में अहले सुबह चोरों ने धावा बोलकर करीब 30 हजार रुपये नकद समेत अन्य सामान की चोरी कर ली थी। घटना के बाद पीड़ित दुकानदार ने पौआखाली थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्धों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी किए गए 5500 रुपये नकद, छह पैकेट सिगरेट एवं पांच पाउच रजनीगंधा-तुलसी बरामद किए हैं।
पौआखाली थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सज्जाद आलम उर्फ पानीडुब्बा का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ पूर्व में पौआखाली थाना कांड संख्या-37/21, 14/25 तथा बहादुरगंज थाना कांड संख्या-382/25 दर्ज हैं। वहीं, कलाम के विरुद्ध भी पूर्व से एक मामला दर्ज है।
पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया में जुटी है।



