District Adminstrationकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़स्वास्थ्य

किशनगंज : धनतोला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन सम्पन्न

किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में जिले में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में किशनगंज प्रखंड अंतर्गत धनतोला हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन प्रमाणीकरण के तहत बुधवार को मूल्यांकन सम्पन्न हुआ।

राष्ट्रीय स्तर की दो सदस्यीय एसेसर टीम डॉ. कैप्टन सुनील शबरवाल एवं डॉ. काकुली सिन्हा ने केंद्र का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता, दवाओं के भंडारण एवं वितरण, प्रयोगशाला सेवाओं की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, मरीज संतुष्टि तथा अभिलेख संधारण की गहन समीक्षा की गई।

निरीक्षण के दौरान एसेसरों ने केंद्र में हाल के महीनों में हुए सुधारों की सराहना की। प्रतीक्षालय की व्यवस्था, मरीजों की सुगम आवाजाही, दवाओं की उपलब्धता एवं डिजिटल रिकॉर्ड संधारण में सकारात्मक प्रगति पाई गई। हालांकि कुछ प्रक्रियाओं को और सुदृढ़ करने के सुझाव भी दिए गए, जिससे सेवाओं की गुणवत्ता और बेहतर हो सके।

जिला गुणवत्ता आश्वासन समिति की सदस्य सुमन सिन्हा ने कहा कि केंद्र की टीम ने गुणवत्ता सुधार के प्रति प्रतिबद्धता दिखाई है, जिससे यह राष्ट्रीय स्तर पर एक मजबूत दावेदार बन सकता है।

सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार चौधरी ने बताया कि राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणीकरण केवल प्रमाण पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार का माध्यम है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों को इसी स्तर तक विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है।

जिलाधिकारी विशाल राज ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने धनतोला केंद्र की टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इससे ग्रामीण जनता का स्वास्थ्य सेवाओं पर विश्वास और मजबूत होगा।

उल्लेखनीय है कि जिले में कई हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर राष्ट्रीय प्रमाणीकरण के माध्यम से अपनी पहचान बना चुके हैं। धनतोला केंद्र का यह मूल्यांकन भी गुणवत्ता आधारित स्वास्थ्य प्रणाली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!