किशनगंज : जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति सामान्य, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध

किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति एवं वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिलाधिकारी विशाल राज ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि जिले में एलपीजी गैस की पर्याप्त उपलब्धता बनी हुई है और वर्तमान में 8701 से अधिक गैस सिलेंडरों का स्टॉक उपलब्ध है।
उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी व्यवस्था पूर्व की भांति सुचारू रूप से चालू है। उपभोक्ता घर बैठे बुकिंग कर सकते हैं और उन्हें दो से तीन दिनों के भीतर सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। शहरी क्षेत्र के उपभोक्ताओं के लिए 25 दिनों के बाद तथा ग्रामीण क्षेत्रों के लिए 45 दिनों के बाद पुनः बुकिंग की समय-सीमा निर्धारित की गई है।
डीएम ने कहा कि कालाबाजारी एवं जमाखोरी पर रोक लगाने के लिए धावा दल द्वारा नियमित छापेमारी की जा रही है। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला प्रशासन द्वारा कंट्रोल रूम भी संचालित किया जा रहा है, जो प्रतिदिन सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक कार्यरत है। कंट्रोल रूम का दूरभाष नंबर 06456-225152 है। बुधवार को एलपीजी से संबंधित एक शिकायत प्राप्त हुई, जिसका निष्पादन कर दिया गया।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि एलपीजी गैस की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की चिंता न करें और अफवाहों पर ध्यान न दें।



