
किशनगंज,29अप्रैल(के.स.)। फ़रीद अहमद, जिले के पौआखाली थाना क्षेत्र अंतर्गत बरचौंदी पंचायत में जमीनी विवाद को लेकर हुई मारपीट के मामले में फरार चल रहे दो अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी न्यायालय में जमानत लेने पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पौआखाली थाना कांड संख्या 57/26, दिनांक 20 अप्रैल 2026, के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में दर्ज मामले के अभियुक्त जुल्मेसा एवं मो. रैमू, दोनों निवासी महेशपुर, बरचौंदी, थाना पौआखाली, घटना के बाद से फरार चल रहे थे।
बताया जाता है कि दोनों आरोपी किशनगंज स्थित न्यायालय परिसर के बाहर बस स्टैंड पर पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से सतर्क पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
थानाध्यक्ष अंकित सिंह ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को आवश्यक प्रक्रिया के बाद न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।



