किशनगंज : जदयू जिला अध्यक्ष फैसल अहमद ने प्रखंड अध्यक्षों के साथ की बैठक, संगठन विस्तार पर चर्चा

किशनगंज,13अप्रैल(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला अध्यक्ष फैसल अहमद की अध्यक्षता में सोमवार को किशनगंज स्थित आवासीय कार्यालय में जिले के सभी प्रखंड अध्यक्षों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन की मजबूती, विस्तार और आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रहलाद सरकार, जो प्रदेश महासचिव सह खाद्य आयोग के अध्यक्ष हैं, उपस्थित रहे। वहीं वरिष्ठ जदयू नेता सह मुख्यालय प्रभारी रियाज अहमद तथा वरिष्ठ जदयू नेता सह किशनगंज नगर चेयरमैन इंद्रदेव पासवान भी बैठक में शामिल हुए। सभी नेताओं ने संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए कार्यकर्ताओं को सक्रिय होकर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया।
बैठक के दौरान नव नियुक्त प्रखंड अध्यक्षों का माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस अवसर पर बहादुरगंज प्रखंड अध्यक्ष नज़ीरुल इसलाम, टेढ़ागाछ प्रखंड अध्यक्ष शहीद आलम, कोचाधामन प्रखंड अध्यक्ष दानिश इकबाल, ठाकुरगंज प्रखंड अध्यक्ष विजेंद्र यादव, दिघलबैंक प्रखंड अध्यक्ष रमेश कुमार गणेश, किशनगंज प्रखंड अध्यक्ष मो. सूफियान तथा नगर अध्यक्ष जय नारायण यादव सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने तथा आगामी कार्यक्रमों को सफल बनाने पर जोर दिया गया। अंत में जिला अध्यक्ष फैसल अहमद ने सभी पदाधिकारियों को संगठन हित में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्देश दिया।


