किशनगंज : ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ के तहत डीएम ने सुनीं आमजनों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

किशनगंज,20फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, बिहार सरकार के सात निश्चय–3 कार्यक्रम के अंतर्गत सातवें निश्चय ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (ईज ऑफ लिविंग)’ को प्रभावी रूप से लागू करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी विशाल राज द्वारा शुक्रवार को आमजनों की समस्याएं सुनी गईं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सप्ताह में दो दिन-सोमवार एवं शुक्रवार को सभी पदाधिकारी अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की शिकायतों का शीघ्र एवं प्रभावी निष्पादन किया जा सके।
उन्होंने कहा कि सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की समुचित व्यवस्था, पेयजल एवं शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही प्रत्येक कार्यालय में आगंतुक पंजी का नियमित संधारण करते हुए प्राप्त शिकायतों की प्रविष्टि एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित किया जाए।
डीएम ने प्रखंड, पंचायत एवं जिला स्तर पर प्रतिदिन आगंतुकों की संख्या की रिपोर्टिंग अनिवार्य करते हुए निर्देश दिया कि किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर संबंधित पदाधिकारी तत्काल अपने वरीय अधिकारी को सूचित करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। यदि किसी कारणवश संबंधित पदाधिकारी कार्यालय में अनुपस्थित रहते हैं, तो उनके स्थान पर अधिकृत पदाधिकारी आमजनों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। एक से अधिक कार्यालयों का प्रभार संभाल रहे पदाधिकारियों को सोमवार एवं शुक्रवार को समय निर्धारित कर सभी कार्यालयों में उपस्थित रहने का निर्देश दिया गया।
जिलाधिकारी ने चेतावनी देते हुए कहा कि निर्देशों की अवहेलना अथवा अधिकृत पदाधिकारी की अनुपस्थिति पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



