अपराधकिशनगंजबिहारब्रेकिंग न्यूज़

किशनगंज में नवजात बच्ची का शव मिलने से सनसनी

किशनगंज,03फरवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, सदर थाना क्षेत्र के सोनार पट्टी रोड स्थित रामबाबू गली में सुबह कचरे के ढेर के पास एक पुराने कार्टन के अंदर नवजात बच्ची का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृत बच्ची की उम्र लगभग तीन दिन बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह के समय एक राहगीर की नजर कचरे के ढेर पर पड़े कार्टन पर पड़ी। पहले उसे यह पुराना सामान प्रतीत हुआ, लेकिन जब वह नजदीक गया तो उसमें नवजात बच्ची का शव देखकर स्तब्ध रह गया। राहगीर ने तत्काल इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं, घटना स्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ की गई तथा क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।

सदर थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार रंजन ने बताया कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, उपलब्ध साक्ष्यों और स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। उन्होंने कहा कि यह पता लगाया जा रहा है कि बच्ची की मौत प्राकृतिक है या उसके साथ किसी प्रकार की क्रूरता की गई है।

पुलिस नवजात की पहचान तथा उसकी मां का पता लगाने का प्रयास कर रही है। जांच में यह पहलू भी शामिल है कि कहीं किसी मजबूरी, सामाजिक दबाव या अन्य कारणों से यह अमानवीय कदम तो नहीं उठाया गया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!