*बजट में देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा को ऐतिहासिक इससे उच्च शिक्षा में बेटियों की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण मिलेगा। – लेशी सिंह*

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/देश के आम बजट को सकारात्मक, संतुलित और सर्वसमावेशी बताते हुए बिहार सरकार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की मंत्री श्रीमती लेशी सिंह ने केंद्रीय बजट का स्वागत किया है।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि यह आम बजट समाज के सभी वर्गों की आवश्यकताओं और आकांक्षाओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को बधाई दी। उन्होंने कहा कि लगातार एक महिला वित्त मंत्री द्वारा देश का बजट प्रस्तुत किया जाना नारी सशक्तिकरण का प्रतीक है और यह देश की महिलाओं के लिए गौरव का विषय है।
श्रीमती सिंह ने कहा कि केंद्रीय बजट विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक मजबूत कदम है। यह बजट प्रगतिशील, भविष्योन्मुखी और देश की विकास गति को तेज करने वाला है। इसके माध्यम से केंद्र सरकार ने आर्थिक विकास, निवेश और रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि बजट में देश में 7 हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर बनाने की घोषणा स्वागतयोग्य है। वाराणसी–सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से बिहार को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही देशभर में 20 नए राष्ट्रीय जलमार्ग विकसित करने की घोषणा से बिहार के कई शहरों को लाभ होगा। पटना और वाराणसी में जहाज मरम्मत की सुविधा उपलब्ध होने से व्यापार, परिवहन और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा राज्य के उत्पादों को नए बाजार मिलेंगे।
मंत्री श्रीमती सिंह ने कहा कि बजट में बड़े टेक्सटाइल पार्क, महात्मा गांधी स्वरोजगार योजना और सेमीकंडक्टर क्षेत्र के लिए 40 हजार करोड़ रुपये के सहयोग की घोषणा से बिहार सहित पूरे देश में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पूर्वोदय राज्यों और उत्तर-पूर्व क्षेत्र पर विशेष फोकस से बिहार को औद्योगिक निवेश, आधारभूत संरचना के विस्तार और रोजगार के अधिक अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही शहरी विकास से जुड़े प्रावधानों से बिहार के शहरों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी और आर्थिक गतिविधियों को नई रफ्तार मिलेगी।
मंत्री श्रीमती सिंह ने बजट में देश के सभी जिलों में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की घोषणा को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे उच्च शिक्षा में बेटियों की भागीदारी बढ़ेगी और उन्हें सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण मिलेगा।
अंत में उन्होंने कहा कि एक बेहतर, दूरदर्शी और जनकल्याणकारी बजट प्रस्तुत करने के लिए वह प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी और वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी के प्रति आभार व्यक्त करती हैं।


