बिहार विधान सभा के माननीय अध्यक्ष डॉ० प्रेम कुमार ने आज केंद्र सरकार के आम बजट 2026-27 पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी द्वारा प्रस्तुत आम बजट 2026-27 जन-कल्याणकारी और विकसित भारत के संकल्प को गति देने वाला दूरदर्शी बजट है।

त्रिलोकी नाथ प्रसाद/यह सर्वसमावेशी और सर्वस्पर्शी बजट है, जो कृषि, औद्योगिक और इन्फ्रास्ट्रक्चर क्षेत्रों सहित पूरे देश के समग्र विकास को समर्पित है। यह विशेष रूप से देश की युवा शक्ति को सशक्त बनाने वाला बजट है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के कुशल नेतृत्व में देश आज विकसित भारत की यात्रा का साक्षी बन रहा है। कर्तव्य भवन में तैयार किया गया यह पहला बजट तीन मुख्य कर्तव्यों पर आधारित है। पहला, आर्थिक विकास को बढ़ाना और इसे लगातार बनाए रखना। दूसरा, लोगों की उम्मीदों को पूरा करना और उन्हें देश के विकास में भागीदार बनाना। और तीसरा, सबका साथ, सबका विकास के सिद्धांत के तहत सभी को समान अवसर उपलब्ध कराना। सरकार का लक्ष्य है कि देशवासियों की आकांक्षाओं को वास्तविक उपलब्धियों में बदलते हुए विकास का लाभ किसानों, आदिवासियों, महिलाओं और युवाओं तक समान रूप से पहुंच सके। इसी विकास और समृद्धि की दिशा में देश में नई रणनीतिक परियोजनाओं पर ध्यान दिया जा रहा है। रेयर अर्थ कॉरिडोर के तहत केरल, तमिलनाडु, ओडिशा और आंध्र प्रदेश में विशेष कॉरिडोर बनाए जाएंगे, ताकि खनिज संपन्न राज्यों को लाभ मिल सके। पश्चिम बंगाल के डानकुनी में नए फ्रेट कॉरिडोर की घोषणा की गई है और पूर्वोत्तर के पांच राज्यों में बौद्ध सर्किट का निर्माण होगा। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल क्लस्टर, महात्मा गांधी ग्राम स्वराज पहल, नेशनल फाइबर स्कीम, एमएसएमई के लिए सेल्फ रिलायंट इंडिया फंड और इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट जैसी योजनाएं न केवल अर्थव्यवस्था की गति बढ़ाएंगी, बल्कि रोजगार के अवसर भी सृजित करेंगी। पटना और वाराणसी में शिप रिपेयर सेंटर बनाए जाएंगे, जो खास तौर पर आंतरिक जलमार्गों के लिए होंगे। इन सेंटरों से नदी मार्ग से होने वाले परिवहन को मजबूती मिलेगी और दोनों शहरों को वाटरवेज हब के रूप में विकसित किया जाएगा। इससे बिहार की अर्थव्यवस्था को न केवल मजबूती मिलेगी बल्कि यहाँ रोजगार के अवसर पर सृजित होंगे। बायो फार्मा के लिए 10,000 करोड़ रुपये की “बायोफार्मा शक्ति” योजना शुरू की जाएगी, जिसके तहत तीन नए संस्थान स्थापित होंगे और देश को मेडिकल टूरिज्म का हब बनाया जाएगा। इस बजट में भारत के युवा के लिए सेवा क्षेत्र पर फोकस रखा गया है। उच्चाधिकार प्राप्त समिति शिक्षा, रोजगार और उद्यम को जोड़कर विकास और निर्यात की संभावनाओं को बढ़ाएगी। मानीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में 2047 तक 10 फीसदी की वैश्विक हिस्सेदारी के साथ सेवा क्षेत्र में भारत को अग्रणी बनाने के प्रयास पर जोर दिया गया है। यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी ने युवाओं के विकास और रोजगार के नए अवसरों के सृजन को अपनी नीतियों का केंद्र बनाया है। आज इन्हीं प्रयासों के कारण भारत केवल उपभोक्ता नहीं, बल्कि वैश्विक बाजार और वैश्विक आपूर्ति शृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनता जा रहा है। यही नीतियां आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को जमीन पर उतार रही हैं और भारत को एक सशक्त वैश्विक आर्थिक शक्ति के रूप में स्थापित कर रही हैं। इस सर्वस्पर्शी, समावेशी और कल्याणकारी बजट के लिए मैं आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी तथा उनकी पूरी टीम को हृदय से कोटि-कोटि धन्यवाद करता हूं। कुल मिलाकर यह बजट आम जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने एवं विकसित तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।


