किशनगंज : अवैध खनन पर जिला प्रशासन की सख्ती, एक सप्ताह में 25 वाहन जप्त, 61.34 लाख का जुर्माना
किशनगंज,29जनवरी(के.स.)। धर्मेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी विशाल राज एवं पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध जिला खनन कार्यालय द्वारा सभी थानों के सहयोग से लगातार प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक सप्ताह के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में की गई कार्रवाई के क्रम में बिहार खनिज (समानुदान, अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण) नियमावली, 2024 के नियम 56 के तहत कुल 25 वाहनों को जप्त करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई है।
इस दौरान कुल 61 लाख 34 हजार रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है। जप्त वाहनों में 20 ट्रैक्टर शामिल हैं, जिन पर 21 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि 05 बड़े वाहन (हाइवा, पोकलेन आदि) पर 40 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।
जिला खनन कार्यालय को वित्तीय वर्ष 2025-26 में दंड मद के अंतर्गत 434.92 लाख रुपये का वार्षिक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की प्राप्ति की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए अब तक 370.64 लाख रुपये की वसूली की जा चुकी है, जो वार्षिक लक्ष्य का लगभग 75 प्रतिशत है, जबकि वित्तीय वर्ष के अभी दो माह शेष हैं।
इसी क्रम में 28 जनवरी की रात्रि लगभग 10:30 बजे जिला खनन पदाधिकारी, प्रणव कुमार प्रभाकर कोढ़ोबारी थाना एवं अंचलाधिकारी, दिघलबैंक की संयुक्त टीम द्वारा छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान दो हाइवा, एक पोकलेन एवं एक मोटर ग्रेडर को जप्त कर कोढ़ोबारी थाना में सुरक्षित रखा गया है। इन वाहनों पर कुल 36 लाख रुपये का दंड अधिरोपित किया गया है।
जिलाधिकारी विशाल राज ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन एवं इससे संबंधित गतिविधियों के विरुद्ध आगे भी कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।



